लाठियों से हमले में ग्रामीण की मौत (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : सोशल मीडिया
सीहोर जिले के इछावर तहसील क्षेत्र के रघुनाथपुरा गांव में एक ग्रामीण के घर घुसकर कुछ लोगों ने रात में लाठियों से हमला कर दिया। हादसे में ग्रामीण की मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने हत्या के आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार प्राण घातक हमले में रघुनाथपुरा निवासी जगदीश मालवीय की मौत हो गई। मृतक की पत्नी अनीता बाई मालवीय का आरोप है कि उसके पति की हत्या हुई है। शादी की बात को लेकर कुछ लोग काफी नाराज थे और आए दिन उसके पति से झगड़ा करते थे, उसे जान से मारने की धमकी भी देते थे।
मंगलवार रात को कुछ लोग आए और लाठियों से हमला कर दिया। जिसमें जगदीश, उसके भाई सुरेश और पत्नी अनीता को चोट पहुंची थी। जगदीश के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौत हो गई। घायलों का उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने मृतक जगदीश का पीएम करा कर मर्ग कायम कर लिया है और शव परिजनों को सौंप दिया है। इछावर थाना प्रभारी उषा मरावी ने मामले की जांच जारी होने की बात कही है।