चोरी की वारदात में जब्त सामान के साथ पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
सीहोर जिले के शाहगंज में यूपी से पैरोल पर फरार एक आरोपी ने 6 चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस पूछताछ में उसने शाहगंज में भी कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
एसडीओपी प्रकाश मिश्रा ने रविवार को प्रेसवार्ता में जानकारी दी कि शाहगंज थाना प्रभारी नरेंद्र कुलस्ते को सूचना मिली कि बांद्राबांध के पास एक संदिग्ध युवक हाथ में थैला लेकर खड़ा हुआ है। पुलिस दल द्वारा मौके पर पहुंच कर आरोपी को पकड़ा गया। उसके पास से 16.2 तोला सोना, एक किलो 700 ग्राम चांदी, एक बाइक, 80 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में चोरी, लूट, नकबजनी अवैध हथियार रखने, मारपीट आदि के प्रकरण स्थानीय न्यायालय में विचाराधीन है। वहीं एक मामले में उसे तीन वर्ष की सजा सुनाई जा चुकी है। इसी मामले में उसे 16 मई 2021 को पैरोल पर छोड़ा गया था और तब से ही वह फरार होकर एक युवती के साथ होशंगाबाद में रहने लगा। उसने आसपास के जिलों में चोरी व नकबजनी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
आरोपी ने पुलिस पूछताछ में जिले के थाना शाहगंज में छह वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। वहीं एक मामले में चोरी किया गया सोना, चांदी व नगदी बरामद भी की गई है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को बुधनी न्यायालय में उपस्थित कर अन्य मामलों के लिए रिमांड मांगा था, परंतु न्यायालय ने 9 अप्रैल तक ज्यूडिशियल रिमांड के आदेश दिए हैं। पुलिस ने आरोपी को नसरुल्लागंज जेल भेज दिया है।