Sehore: वन विभाग ने सागवान की 88 सिल्लियां जब्त की हैं।
- फोटो : फाइल फोटो
इछावर क्षेत्र इमारती सागौन की इमारती लकड़ी के लिए देश भर में जाना जाता है। लकड़ी माफियाओं की यहां नजर रहती है। बुधवार को वन विभाग ने सागौन भरकर जा रहा ट्रक जब्त किया है। आरोपी को गिरफ्तार किया है। ट्रक में भरी इमारती सागौन की लकड़ियों की अनुमानित कीमत एक लाख रुपये आंकी जा रही है।
प्राप्त जानकारी अनुसार इछावर वन विभाग की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवैध सागौन की लकड़ी से भरा एक ट्रक क्षेत्र से निकलकर इंदौर हाईवे पर प्रवेश कर चुका है। इछावर रेंजर ने तत्काल एक्शन लिया और एक टीम गठित की और आष्टा वन विभाग के सहयोग से भोपाल-इंदौर हाईवे पर पगारिया घाटी के पास अवैध सागौन के ट्रक को दबोच लिया। ट्रक में 88 नग सागौन की इमारती लकड़ी थी। ट्रक चला रहे मुजीब मोहम्मद को भी गिरफ्तार किया है।
गौरतलब है कि इन दिनों क्षेत्र में वन माफियाओं के हौसले काफी बुलंद नजर आ रहे हैं, जिसके अंतर्गत क्षेत्र में आए दिन अवैध सागौन की कटाई को लेकर मामले सामने आते हैं। यह इक्का-दुक्का कार्रवाई को छोड़ दिया जाए तो क्षेत्र में वन विभाग कहीं न कहीं वन माफियाओं को नियंत्रित करने में नाकाम ही साबित हो रहा है। क्षेत्र में खैरी उपवन, ब्रिजिशनगर उपवन तथा बलोंडिया उपवन क्षेत्र में वन माफियाओं द्वारा जमकर अवैध रूप से सागौन के पेड़ों की कटाई की जा रही है। विदित हो कि इछावर क्षेत्र को इमारती सागौन की इमारती लकड़ी के लिए देश भर में जाना जाता है, जो आज वन माफियाओं के जंगल में नजर आ रही है। यदि इसी प्रकार से वन माफिया अवैध रूप से सागौन की कटाई करते रहे तो वह दिन दूर नहीं जब क्षेत्र के पूरे जंगल साफ हो जाएंगे।