सीहोर जिले के दोराहा में नवनिर्मित थाना भवन का लोकार्पण करने प्रभारी मंत्री डॉक्टर प्रभु राम चौधरी पहुंचे।
- फोटो : अमर उजाला
सीहोर जिले के दोराहा में नवनिर्मित थाना भवन का लोकार्पण करने प्रभारी मंत्री डॉक्टर प्रभु राम चौधरी पहुंचे। उन्होंने पुलिस हाउसिंग बोर्ड के इंजीनियर की सराहना की। कहा कि इस थाना भवन निर्माण के लिए एक करोड़ तीन लाख रुपये बजट की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई थी, लेकिन यह भवन 95 लाख रुपए में ही बनकर तैयार हो गया।
चौधरी ने कहा कि इस नवनिर्मित थाना भवन से पुलिस का कार्य संपादन सुविधाजनक और व्यवस्थित होगा। इसके साथ ही यहां आने वाले लोगों को भी बेहतर सेवाएं मिलेंगी। पुलिस विभाग उन विभागों में से है जो 24 घंटे सतत काम करता है और पूरी मुस्तैदी के साथ देशभक्ति और जन सेवा के दायित्व का निर्वहन करता है। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्य प्रकृति को दृष्टिगत रखते हुए नए व्यवस्थित थाना भवनों की आवश्यकता है और प्रदेश में व्यवस्थित एवं सुसज्जित थाना भवनों का निर्माण हो रहा है।
प्रभारी मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है और देश में विकास के मामले में प्रदेश ने अग्रणी राज्यों में अपनी छवि बनाई है। इस अवसर पर विधायक सुदेश राय, आईजी इरशाद वली, कलेक्टर चन्द्र मोहन ठाकुर तथा एसपी मयंक अवस्थी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पुलिस के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।