सीहोर कलेक्टर चंद्र मोहन ठाकुर ने कहा कि लंबित प्रकरणों पर विशेष ध्यान दें
- फोटो : अमर उजाला
सीहोर कलेक्टर चंद्र मोहन ठाकुर ने अधिकारियों को पत्रों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कोई भी शिकायत बिना अटेंड किए अगले स्तर पर न जाए। सीएम हेल्पलाइन, समाधान ऑनलाइन तथा मुख्यमंत्री के भ्रमण के दौरान प्राप्त आवेदन पत्रों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ठाकुर ने जैत में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा की गई घोषणाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने गांव के विकास के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे रोजगार, नाली, सड़क, पेजयल, जमीन सर्वे आदि पर विभागवार चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को घोषणाओं पर अमल करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों पर विशेष ध्यान दें और केम्प लगाकर सभी शिकायतें संतुष्टि पूर्वक बंद कराएं। सभी विभागों की रैंक टॉप-5 में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि 100 दिनों से अधिक लंबित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई कर शिकायतों का संतुष्टि पूर्वक निराकरण करें। उन्होंने सख्ती से कहा कि किसी भी विभाग द्वारा गैर जिम्मेदारी दिखाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।
कलेक्टर ठाकुर ने जिले में आयोजित होने वाले रोजगार मेलो पर चर्चा करते हुए कहा कि रोजगार मेले में कम्पनियों की संख्या बढ़ाई जाए, जिससे कि जिले के अधिक से अधिक युवक-युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को रोजगार मेले के आयोजन के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आगामी कमिश्नर-कलेक्टर कॉन्फ्रेंस एजेंडा की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जिले के समस्त राजस्व अमले को निर्देश दिए कि माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और सभी शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी अपने स्तर पर बैठक आयोजित कर माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की रूपरेखा बनाएं और निचले अमले को कार्रवाई के लिए निर्देशित करें।
कलेक्टर चंद्र मोहन ठाकुर ने कृषि, विविधीकरण एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर विस्तृत समीक्षा की। उन्हें कृषि विभाग को निर्देश दिए कि हर ग्राम पंचायत स्तर पर किसानों की कार्यशाला आयोजित कर किसानों को प्राकृतिक खेती का महत्व समझाएं जिससे कि किसान जैविक खेती की ओर अग्रसर हो सके। उन्होंने एक जिला एक उत्पाद की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बुधनी खिलौना एक जिला एक उत्पाद तो है ही, इसके अलावा अन्य चीजों की भी ब्रांडिंग की जाएं, जिससे कि सभी जिलों को एवं आए हुए अतिथियों को एक बेहतर गिफ्ट हेम्पर दिया जा सके। उन्होंने कहा कि जिले की विशेषताएं रखने वाले शरबती गेहूं, अमरूद एवं अन्य कई उत्पादों को सम्मिलित किया जाएं।