मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में सियासी सरगर्मी तेज है, नेताओं का प्रचार और जोर पकड़ रहा है। यहां 28 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। अमर उजाला डॉट कॉम आपको बता रहा है राज्य के जमीनी हालात और उन विषयों के बारे में जो इस बार चुनावी मुद्दे हैं। इसी के मद्देनजर अमर उजाला का चुनाव रथ पहुंचा महू।
संवाददाता वैभव कुमार ने जनता से बात कर यहां हालात का जायजा लिया। टी वैली प्रायोजित अमर उजाला के खास लाइव कार्यक्रम सत्ता के सेमीफाइनल में जानिए आखिर जनता किस आधार पर वोट करने वाली है? और क्या नेताओं के पास हैं जनता के सवालों के जवाब?
इस चर्चा में हमारे साथ भाजपा से जिला उपाध्यक्ष रामकिशोर शुक्ला, कांग्रेस से पार्षद कैलाश पांडे शामिल हुए।
भाजपा प्रतिनिधि ने कहा कि कैलाश विजयवर्गीय ने यहां विधायक रहते कई अहम काम किए जिनमें दो पुलों का निर्माण शामिल है। रामकिशोर भी टिकट की दौड़ में शामिल थे लेकिन जब उनसे इस बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि संगठन ही पार्टी में प्रमुख है और वही सारी चीजें तय करता है। समर्थक कुछ आक्रोश में जरूर थे लेकिन अब सब ठीक है।
कांग्रेस नेता कैलाश पांडे ने विकास के दावों को कागजी करार दे दिया। कैलाश विजयवर्गीय से बेटे आकाश तक सड़कों के उद्घाटन के लिए नारियल तो फोड़े गए लेकिन सड़क नहीं बनी। सर्विस रोड नहीं बन पाईं।
ट्रैफिक जाम की समस्या
क्षेत्र में अतिक्रमण एक बड़ी समस्या है क्योंकि जनसंख्या बढ़ रही है लेकिन कैंटोनमेंट इलाका होने की वजह से शहर वहीं का वहीं सिमटा है। ट्रैफिक जाम बड़ी समस्या है। इस पर भाजपा नेता ने अतिक्रमण को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इस पर सख्ती करने की जरूरत है।
पानी को लेकर जनता के बीच कुछ लोगों ने कांग्रेस के सरपंचों पर पानी रोकने का आरोप लगाया। इस पर भाजपा नेता ने कार्रवाई की बात कही।
इस बार महू से ऊषा ठाकुर भाजपा से उम्मीदवार हैं। मतदान 28 नवंबर को होना है।