सतना में आदिवासी नाबालिग के साथ रेप (सांकेतिक फोटो)
- फोटो : सोशल मीडिया
सतना जिले में एक आदिवासी नाबालिग किशोरी से रेप का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार रामपुर बघेलान के पैपखरा गांव से नाबालिग बारात में आई थी, इसी दौरान सवर्ण समाज का एक युवक बच्ची को रात के समय बहला-फुसलाकर अपने साथ जंगल ले गया और वहां उसके साथ रेप किया। दुष्कर्म करने के बाद आरोपी नाबालिग को जंगल में छोड़ कर भाग आया। जब नाबालिग की तबीयत बिगड़ने लगी तब परिजनों को उसके साथ हुए गलत कृत्य का पता चला। परिजनों के हंगामे के बाद नाबालिग को अस्पताल में दाखिल किया गया।
मामला सतना जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के हटवा गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार यहां आदिवासी समाज की एक बारात आई थी, दुल्हे की भतीजी भी बारात के साथ आई थी। रविवार की रात को जब सभी बाराती सो रहे थे, तभी वहां सवर्ण समाज का युवक पहुंचा और नाबालिग को बातों में लगाकर अपने साथ जंगल ले गया। आरोपी बच्ची के साथ गलत काम करने के बाद उसे जंगल में ही छोड़ कर गांव वापस आ गया। घटना के बाद नाबालिग किसी तरह से जंगल के रास्ते होते हुए विवाहस्थल में पहुंची, जिसके बाद उसने अपने परिजनों को रात में हुए हादसे की जानकारी दी। नाबालिग को अस्पताल में जांच कराने के बाद थाने ले जाया गया। परिजनों की रिपोर्ट और पीड़िता के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।