आरोपियों के पास से जब्त चोरी का माल
- फोटो : सोशल मीडिया
सूने मकानों को निशाना बनाने वाले शातिर नकबजन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी के गहने व नकदी रुपये बरामद किए हैं। करीब 2 लाख 73 हजार रुपये नकद व आठ लाख के आभूषण बरामद हुए हैं। आरोपी ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों के अलावा धार जिले के धामनोद में भी वारदातें की है।
पिछले दिनों द्वारकापुरी थाने में कन्हैया देपाले ने रिपोर्ट लिखवाई थी। उसने बताया था कि वह ड्रायवरी करता है। 24 जनवरी की रात को 10.30 बजे घर के मेन गेट का ताला लगाकर परिवार के साथ शिवाबाबा पंधाना जिला खंडवा गए थे। बच्चे की मन्नत के लिए वहां गए थे। 25 जनवरी की रात को वापस लौटे। जब घर में जाने लगे तो देखा कि मेन गेट का ताला टूटा हुआ था और आगे का दरवाजा खुला था। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी टूटी हुई थी। सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर तलाश शुरू की थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने द्वारकापुरी क्षेत्र में अलग-अलग जगहों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदेही महेश पिता होशीलाल वर्मा (32) निवासी नगीन नगर पॉवर हाउस के पास गणेश धर्मशाला के पीछे इंदौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान महेश ने वारदात करना कुबूल किया। आरोपी ने बताया कि 24 जनवरी की रात को कन्हैयालाल देपाले के सूने मकान का ताला तोड़कर उसके घर की अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने चांदी के आभूषण व नकदी लगभग 5,25000 रुपये चुराकर ले गया था। सोने-चांदी के जेवरात टेडी बीयर के पुतले में भरकर वापस सील कर रखे हैं औऱ नकदी करीब 2,73,000 रुपये मकान के काम करने वाले औजार की पुरानी प्लास्टिक की थैली में छिपाकर रखे तथा 60000 रुपये लोन की किश्त भरने में खर्च कर दिए। बाकी के खाने पीने व जुए में हार गया हूं। बाकी रुपये व जेवरात घर में टेडी बीयर में छिपाकर रखे हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक सोने का हार, एक जोड़ सोने की झुमकी, एक जोड़ छोटे सोने के टॉप्स, एक जोड़ बड़े सोने के टॉप्स आदि सहित नकदी 273000 रुपये सहित कुल 8 लाख का जब्त किया है। आरोपी पूर्व में चोरी के प्रकरणों में थाना चंदन नगर, रावजी बाजार, एरोड्रम व धार जिले के धामनोद में वारदात की है। वहां भी उसे गिरफ्तार किया था। आरोपी से अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।