सागर जिले के खुरई में चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। 26 नवंबर की रात चोरों ने नीति आयोग की सदस्य श्रीमती अर्चना जैन के चंद्रशेखर वार्ड स्थित सूने निवास को निशाना बनाया। यह घटना तब हुई जब परिवार बेटी की शादी में शामिल होने मंडला गया हुआ था।
लाखों का सामान ले उड़े चोर
परिजनों के अनुसार, चोर लगभग डेढ़ किलो सोने के आभूषण, 8 से 10 किलो चांदी के गहने और सिक्के, तथा लगभग साढ़े आठ लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरी किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 37 लाख रुपये है।
कैसे हुई चोरी?
नीति आयोग की सदस्य अर्चना जैन के पति सुनील कुमार जैन ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 26 नवंबर को मंडला में थी। परिवार 25 नवंबर को ही मंडला के लिए रवाना हो गया था। जब 27 नवंबर की रात करीब 9 बजे वे खुरई स्थित घर लौटे, तो उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया। शक होने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना पाकर खुरई थाना प्रभारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की। 28 नवंबर की सुबह से फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम (FSL) और स्निफर डॉग की मदद से चोरों के सुराग जुटाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
खुरई में बढ़ते चोरियों के मामले
खुरई नगर में लगातार हो रही चोरियों से स्थानीय लोग चिंतित हैं। चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि पुलिस की गश्त और सायरन का भी कोई असर नहीं दिख रहा। इस बार चोरों ने एक सरकारी अधिकारी के निवास को निशाना बनाकर यह दिखा दिया कि कानून व्यवस्था के दावे कितने कमजोर हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।
चोरी
चोरी
चोरी