सागर के बहुचर्चित मान सिंह पटेल गुमशुदगी मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर गठित स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के बाद अब 30 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की है। मान सिंह पटेल के बारे में सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्टर जारी किया है, जिसमें लिखा गया है, "गुमशुदा की तलाश"। सागर के सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 203/2024, धारा 365 के तहत मामला दर्ज किया गया है। लापता व्यक्ति मान सिंह पटेल, उम्र 68 वर्ष, शिव विहार कॉलोनी, तिली वार्ड, सागर के निवासी हैं। उनका हुलिया: रंग गेहुंआ, चेहरा अंडाकार, ऊंचाई करीब 5 फीट 5 इंच, बाई आंख छोटी और पुतली सफेद है। गुमशुदगी के समय वह सफेद टी-शर्ट और काला पैंट पहने हुए थे। उन्हें 22 अगस्त 2016 से लापता बताया गया है। गुमशुदा की सूचना देने पर 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है, और सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। अगर किसी के पास कोई जानकारी है, तो वह मोबाइल नंबर 7587635602 या एसआईटी के सोशल मीडिया अकाउंट्स के माध्यम से जानकारी साझा कर सकता है।
आठ साल से लापता हैं मान सिंह पटेल
मान सिंह पटेल 2016 में लापता हो गए थे। उनके बेटे सीताराम ने आरोप लगाया था कि एक जमीन विवाद के चलते तत्कालीन कांग्रेस विधायक गोविंद सिंह राजपूत समेत अन्य लोगों ने उनके पिता को गायब कराया। इस मामले में सीताराम ने सागर के सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया था, जिसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज किया। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया। उसमें अन्य राज्यों के सीनियर आईपीएस अफसरों को शामिल करने के निर्देश दिए थे। अब एसआईटी ने एफआईआर दर्ज कर मामले की नए सिरे से जांच शुरू कर दी है।