दर्दनाक सड़क हादसे में दो की मौत
- फोटो : अमर उजाला
नेशनल हाईवे 44 पर स्कूटी सवार दो युवकों को एक तेज रफ्तार कंटेनर ने कुचल दिया, जिससे दोनों युवकों की मौत हो गई। घटना सागर के देवरी में नेशनल हाइवे 44 फोर लेन पर घुघरी तिराहा पर आईटीआई पुल के पास की है। जहां स्कूटी सवार दो व्यक्तियों को एक कंटेनर ने टक्कर मार दी, जिसमें स्कूटी सवार दोनों व्यक्तियों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, वहीं कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उपमा सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची, घटना रात 9:30 बजे की बताई जा रही है। थाना प्रभारी उपमा सिंह ने बताया कि स्कूटी नंबर एमपी 15 जेडबी 5987 संतोष पटेरिया रहली के नाम से है, जिसकी जानकारी स्कूटी के मालिक को दे दी है। वहीं, कंटेनर क्रमांक यूपी 21 सीटी 4844 के चालक की पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है.
स्कूटी के परखच्चे उड़े
स्कूटी पर सवार होकर जा रहे दो व्यक्तियों को जब पीछे से कंटेनर ने टक्कर मारी तो स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। वहीं, दोनों व्यक्तियों की मौके पर मौत हो गई। दोनों व्यक्तियों के शव सड़क पर बिखर गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कूटी नंबर से दोनों व्यक्तियों की पहचान की और परिजनों को सूचना दी।