रीवा के मनगवां में सरकारी जमीन पर दावे को लेकर दो समुदाय में लाठियां चल गईं। बताया जा रहा है कि जिस जमीन को लेकर विवाद हुआ वहां मंदिर और मस्जिद दोनों बने हैं। इसी जमीन से लगी बीजेपी के पूर्व पार्षद लवकुश गुप्ता की भी जमीन है। बुधवार सुबह वह जमीन पर निर्माण कराना चाह रहे थे, लेकिन मुस्लिम समाज के लोगों ने जमीन को मस्जिद की बताकर निर्माण कार्य पर आपत्ति दर्ज की, जिसके बाद दोनों पक्षों में बहस होने लगी। बहस बढ़ने के बाद झगड़ा शुरू हो गया, विशेष समुदाय के लोगों ने पूर्व पार्षद व उसके परिवार पर लाठियों से हमला कर दिया और उन्हें बेरहमी से पीटा।
इस घटना की वीडियो वायरल होने के बाद हिन्दू पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों तरफ से मारपीट होने लगी। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस केस दर्ज किया है। फिलहाल घायलों को रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्षेत्र में पुलिस बल तैनात
विवाद के बाद क्षेत्र में पुलिस तैनात की गई है। वहीं, मामले की मॉनिटरिंग के लिए मऊगंज एएसपी विवेक कुमार लाल मनगवां में कैंप कर रहे हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक डीके दाहिया ने बताया कि मलकपुर तालाब से लगी सरकारी जमीन है। इस जमीन से लगी लवकुश गुप्ता की भी निजी जमीन है।
इसी जमीन को लेकर पहले भी हो चुके हैं विवाद
राजस्व विभाग से मिली जानकारी के अनुसार खसरा नंबर 60/2/3 का कुल रकबा 0.16 और खसरा नंबर 60/4/2 का कुल रकबा 0.34 के भूमि-स्वामी लवकुश गुप्ता और राजकुमार गुप्ता हैं। इस जमीन का पहले भी 3 बार सीमांकन हो चुका है। इसके बाद भी आए दिन विवाद की स्थिति बनती है। 30 अप्रैल 2022 को एसडीएम के निर्देशन पर दो राजस्व निरीक्षक व पांच पटवारी की टीम ने भूमि का सीमांकन किया था। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई थी। तालाब की सरकारी जमीन पर दशकों पुराने मंदिर और मस्जिद बने हैं। विवादित जमीन सरकारी दस्तावेजों में गुप्ता परिवार के नाम पर दर्ज है।
11 आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज
विवाद के बाद पुलिस ने 11 आरोपियों के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया है। एसपी नवनीत भसीन ने बताया कि शिकायत पर थाने में 11 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। मुख्य आरोपियों में नियामुल हक, अहमद अली खान, हाफिज अली, नियाज खान, लाले, कलंदर खान, अनवर खान, खुर्शीद खान, सोनू खान, हामिद अंसारी व रौनक अंसारी शामिल हैं।
कलेक्टर-एसपी ने किया दौरा
घटना के बाद बुधवार देर शाम कलेक्टर मनोज पुष्प, एसपी नवनीत भसीन, तहसीलदार अनुराग त्रिपाठी, एएसपी मऊगंज विवेक कुमार लाल, एसडीओपी केएस द्विवेदी, थाना प्रभारी दिलीप कुमार दाहिया, लौर थाना प्रभारी केपी त्रिपाठी समेत अन्य आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया।