फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हादसा: दो घंटे में एक ही जगह दो कारें पलटीं, सास-बहू समेत चार की मौत; आठ घायल

Tue, 29 Sep 2026 07:24 PM IST
रतलाम ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रतलाम

सार

रतलाम के जावरा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह एक ही स्थान पर करीब दो घंटे के अंतराल में दो कारें पलट गईं। हादसों में मुंबई की सास-बहू और गुजरात के मरीज व ड्राइवर समेत चार लोगों की मौत हुई, आठ घायल हुए।

विज्ञापन
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर एक ही जगह दो हादसे - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह करीब दो घंटे के अंतराल में एक ही स्थान पर दो अलग-अलग सड़क हादसे हो गए। जावरा के समीप नयापुरा क्षेत्र में हुए इन हादसों में सास-बहू समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। घायलों को जावरा के सरकारी अस्पताल और रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मृतकों में दो मुंबई और दो गुजरात के दाहोद जिले के रहने वाले हैं।

पहला हादसा सुबह साढ़े चार बजे

विज्ञापन

पुलिस के अनुसार, 68 वर्षीय मनोहरसिंह पिता सेवासिंह अलूने निवासी अंबरनाथ, मुंबई, अपनी 67 वर्षीय पत्नी नरेंद्र कौर, 35 वर्षीय बेटे मनमीत सिंह, 32 वर्षीय पुत्रवधू मनप्रीत कौर और चार वर्षीय पौत्र जुझार सिंह व दो वर्षीय जोरावर सिंह के साथ धार्मिक यात्रा पर उत्तराखंड गए थे। वहां से वे रिश्तेदारों से मिलने अंबाला (हरियाणा) गए थे।

रिश्तेदार से मिलने के बाद परिवार 28 सितंबर की रात कार क्रमांक एमएच-48/एके-4833 से मुंबई लौट रहा था। 29 सितंबर की सुबह करीब साढ़े चार बजे नयापुरा क्षेत्र में कार अनियंत्रित होकर सड़क के बीच लगी रेलिंग तोड़ते हुए करीब 30 फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जावरा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने नरेंद्र कौर और उनकी बहू मनप्रीत कौर को मृत घोषित कर दिया। मनोहर सिंह, मनमीत सिंह और दोनों बच्चों जुझार सिंह व जोरावर सिंह को ज्यादा चोट नहीं आई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए, जिन्हें परिजन मुंबई ले गए।

पढे़ं:  बैगा-गोंड समुदाय के बच्चों की मौत को लेकर दौरा, सिंघार ने की पुष्टि

दूसरे हादसे में मरीज और ड्राइवर की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन

एक्सप्रेस-वे पर इसी स्थान पर करीब दो घंटे बाद सुबह साढ़े छह बजे दूसरी कार पलट गई। इस हादसे में गुजरात के दाहोद जिले के रहने वाले मरीज और कार ड्राइवर की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, 50 वर्षीय रमेश पिता बदिया मकवाना निवासी विजागढ़, गुजरात, बीमार थे। उनकी पत्नी 48 वर्षीय संगीता, 30 वर्षीय बेटा नरेश और 55 वर्षीय रिश्तेदार रामलीबाई पति पन्ना मकवाना उन्हें इलाज के लिए उत्तर प्रदेश के बरेली जिले स्थित मनोला धाम ले गए थे।

वापसी के दौरान वे कार क्रमांक जीजे-20/सीबी-4610 से विजागढ़ लौट रहे थे। सुबह करीब साढ़े छह बजे नयापुरा में उसी स्थान पर कार असंतुलित होकर पलट गई, जहां कुछ समय पहले पहला हादसा हुआ था। हादसे में रमेश, संगीता, नरेश, रामलीबाई और ड्राइवर 35 वर्षीय रवि पिता मावजी हटीला निवासी ग्राम चंदला, थाना गरवाड़ा, जिला दाहोद घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को जावरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान कुछ देर बाद रमेश की मौत हो गई। गंभीर हालत में ड्राइवर रवि और अन्य घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान रवि ने भी दम तोड़ दिया।

एएसपी विवेक कुमार लाल ने बताया कि एक ही स्थान पर हुए दोनों हादसों में चार लोगों की मौत हुई है और आठ लोग घायल हुए हैं। हादसों का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें