पिता को छेड़छाड़ के मामले में गिरफ्तार किया है।
- फोटो : अमर उजाला
रतलाम पुलिस ने बेटी की शिकायत पर पिता को छेड़छाड़ के मामले में गिरफ्तार किया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मैं जब घर पर अकेली रहती हूं तो पिता नशे की हालत में मेरे साथ गलत हरकत करते हैं। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
रतलाम के औद्योगिक थाना क्षेत्र निवासी एक 21 वर्षीय युवती ने अपने पिता की हरकतों से तंग आकर पिता के खिलाफ औद्योगिक क्षेत्र थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी मां नौकरी करती हैं और पिता बाजार में ठेला लगाता है। जब मां काम पर जाती है और में घर में अकेली रहती हूं तब मेरे पिता मेरे साथ छेड़छाड़ करते हैं। पिछले कुछ दिनों से ये घटनाक्रम लगातार जारी था। पीड़िता ने अपनी परेशानी अपनी मामी को बताई, जिसके बाद मामी ने पीड़िता की मां को इस बारे में जानकारी दी। मां बेटी को साथ लेकर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता की मां ने बताया कि काम से घर आने पर बेटी पिता की हरकतों से डरकर मेरे सामने ही रहती थी। अकेले घर में रहने से डरती थी, लेकिन मैं इस बात को समझ नहीं पाई। स्थिति ये थी कि रात को भी बेटी मेरे साथ ही सोना पसंद करती थी। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है। पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।