देश भर में अपनी शुद्धता और गुणवत्ता के लिए पहचाने जाने वाले रतलाम के सराफा बाजार में सोना-चांदी के भाव ने तेजी पकड़ ली है। बुधवार को रतलाम के सर्राफा बाजार में सोना 55400 प्रति 10 ग्राम तो चांदी 67 हजार रुपये प्रति किलो के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। वैश्विक गतिविधियों और बदलते हालातों के चलते बीते एक सप्ताह से सोने-चांदी की कीमतों में एक बार फिर तेजी से इजाफा हुआ है।
शादियों के सीजन के पूर्व सराफा में तेजी का असर सबसे ज्यादा इन्हीं परिवारों में पड़ेगा, जिनके घरों में आगामी माह में विवाह समारोह आयोजित होना है। दरअसल बीते एक माह के दौरान सोने के दाम 2000 प्रति 10 ग्राम तो चांदी के दाम 5000 प्रति किलोग्राम तक बढ़ गए हैं। रतलाम सराफा बाजार के व्यापारियों की मानें तो आने वाले दिनों में दोनों ही धातुओं की कीमत में और अधिक वृद्धि हो सकती है।
रतलाम सहित देशभर के सर्राफा बाजार में दोनों धातुओं में आई तेजी की सबसे बड़ी वजह रूस और यूक्रेन के युद्ध के बाद अब चीन में कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार होना बताई जा रही है, लेकिन चीन में कोरोना असर का हमारे यहां कितना प्रभाव डालेगा यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। लेकिन वैश्विक बाजार में हुईं उथल-पुथल का असर अब सोने-चांदी कीमतों पर नजर आने लगा है।