रतलाम के स्टेशन रोड़ थाना क्षेत्र स्थित एक निजी बैंक में रुपये जमा करवाने के लिए लाइन में खड़े व्यक्ति के बैग से अज्ञात आरोपी दो लाख रुपये से अधिक की राशि चुरा ले गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्टेशन रोड थाना पुलिस से मिली जानकारी अनुसार, फरियादी उत्सव पिता गजेन्द्र ओझा निवासी अलकापुरी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि वह सीएमसी इन्फो सिस्टम लिमिटेड कंपनी में एटीएम कैश लोडिंग एवं कैश पिकअप का काम करता है। सोमवार शाम एवीएम फाइनेंस लिमिटेड फ्रीगंज से दो लाख 21 हजार 280 रुपये की नकदी लेकर स्टेशन रोड थाना क्षेत्र स्थित एचडीएफसी बैंक में जमा कराने के लिए पहुंचा था। तब बैग में रुपये रखे हुए थे।
फरियादी ने पुलिस को बताया कि वह रुपये जमा कराने के लिए बैंक में कैश लेकर कतार में खड़ा हो गया। उसके आगे चार-पांच लोग और कतार में खड़े थे। वह अपने नंबर का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान जब उन्होंने बैग चेक किया तो उसमें रखी नकदी सहित आईडी कार्ड गायब मिला। रुपये उसके बैग से कब और कैसे गायब हो गए, खुद उसे भी पता नहीं चल पाया।
बैग को पूरी तरह खंगाला, लेकिन उसमें रुपये नहीं मिले। आसपास तलाश भी की, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चल पाया। बाद में फरियादी ने थाने पहुंच पुलिस को पूरी घटना से अवगत कराया। स्टेशन रोड़ थाना पुलिस ने फरियादी उत्सव ओझा की रिपोर्ट पर दो लाख 21 हजार 280 रुपये की चोरी का मामला अज्ञात आरोपी के खिलाफ भादंवि की धारा-379 में दर्ज किया है। जांच अधिकारी उपनिरीक्षक प्रेम सिंह हटीला ने बताया कि बैंक के सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से घटना की जांच की जा रही है।