राजगढ़ जिला अस्पताल के मेडिकल वार्ड में घुस आता है सांड।
- फोटो : अमर उजाला
राजगढ़ जिला अस्पताल में कोरोना काल में लाखों रुपये खर्च किए और बलून वार्ड बनाया था। अब इस वार्ड का एक वीडियो सामने आया है। इसमें आप देख सकते हैं कि भर्ती मरीजों के बीच एक आवारा सांड राउंड लेता है और बिना किसी परेशानी के बाहर निकल जाता है। ऐसा लगता है जैसे यह सांड मेडिकल वार्ड में कैटवॉक करने आया था।
दरअसल, उक्त वीडियो मंगलवार की रात का है। जिला अस्पताल के बैलून वार्ड में भर्ती एक मरीज के परिजनों ने यह वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। अब यह वायरल हो गया है। मरीजों का कहना है कि यह आवारा सांड रोज ही बलून वार्ड में घुसता है। उसे मौजूद स्वास्थकर्मियों को भगाना पड़ता है। हालांकि, इस सांड ने अभी तक किसी भी मरीज को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया है। जिला अस्पताल में फैली अव्यवस्था चरम पर है। एक के बाद एक वीडियो भी सामने आए है लेकिन जिम्मेदार प्रबंधन लापरवाही बरतने वालों पर कार्यवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण देकर लीपापोती करता हुआ नजर आता है। आवारा सांड का वीडियो बनाने का मामला सामने आने पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कोई भी खुलकर शिकायत करने को तैयार नहीं है।