राजगढ़ जिले में उधारी को लेकर दबंगों ने दलित युवक पर खाली स्टाम्प पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया। उसने हस्ताक्षर करने से इनकार किया तो उसे जहर पिला दिया। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
मामला राजगढ़ जिले के तलेन थाना क्षेत्र के अंतर्गत इकलेरा का है। यहां रहने वाले दलित युवक मनोज मालवीय ने बताया कि उसने एक साल पहले तलेन थाना क्षेत्र के अबाड़ा गांव में जमीन खरीदी थी। उसे अब तक इसका कब्जा ही नहीं मिल सका है। उसने इस जमीन के लिए 20 लाख रुपये दिए थे, वह भी वापस नहीं मिल रहे हैं। उसने संबंधित लोगों और तलेन थाना प्रभारी समेत जिला प्रशासन से गुहार लगाई ती. उसकी शिकायत है कि न तो पैसे वापस कर रहे हैं और न ही जमीन दे रहे हैं। उल्टा उसे ही सूदखोरी के केस में उलझाने की कोशिश की जा रही है।
मनोज का आरोप है कि सात जून को दबंगों ने उसे उनके ठिकाने पर बुलाया था। खाली स्टाम्प पर हस्ताक्षर करने के लिए बाध्य किया गया। न करने पर जहरीला पदार्थ पिलाकर जान से मारने की कोशिश की गई। इस मामले में तलेन थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती ने बताया कि मनोज पर पहले से ब्याजखोरी का प्रकरण दर्ज है। उसकी जांच चल रही थी और इस बीच यह घटनाक्रम हुआ है। घटना के बाद से ही वह शुजालपुर के अस्पताल में भर्ती था। उक्त मामले में आरोपी रामस्वरूप मीणा, भूरीबाई, रामदुलारी, मंगल मीणा, सुनील मीणा, रामबाबु मीणा और दिनेश मीणा ने उधारी के पैसे के लेन-देन को लेकर फरियादी को बुलाया था। खाली स्टाम्प पर हस्ताक्षकर करने के लिए बाध्य किया गया। जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उसे गालियां दी और जबरदस्ती जहर पिला दिया। इस मामले में पुलिस ने सात आरोपियों के विरुद्ध धारा 294, 324, 329 व 34 आईपीसी सहित एससी/एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।