पुलिस ने पांच घंटे के भीतर न केवल मर्डर की गुत्थी सुलझाई बल्कि आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया। (सांकेतिक फोटो)
- फोटो : Social Media
ग्वालियर में रविवार को फिर एक हत्या हुई। चंदन नगर में अमन उर्फ भरत दीक्षित की उसके ही दो दोस्तों ने हत्या कर दी। पुलिस ने पांच घंटे के भीतर न केवल मर्डर की गुत्थी सुलझाई बल्कि आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया। दोनों आरोपी नाबालिग हैं। उनका कहना है कि अमन दीक्षित को उन्होंने पुरानी रंजिश के चलते मारा है।
अधिकृत जानकारी के अनुसार अमन के मामा जगदीश वाजपेयी की शिकायत पर पुलिस ने धारा 302, 34 के तहत प्रकरण दर्ज किया था। अमन की लाश उसके ही घर में मिली थी। उसके शरीर पर चाकू के कई घाव मिले थे। इस पर एसपी अमित सांघी ने एएसपी राजेश दंडोतिया को मामले को सुलझाने के लिए टीम बनाने के निर्देश दिए। सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार और ग्वालियर थाना प्रभारी आलोक सिंह परिहार समेत पुलिस के कुछ अधिकारियों ने टीम बनाई और काम शुरू कर दिया।
मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अमन के दो दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों आरोपी ग्वालियर छोड़कर भागने की फिराक में थे। उनसे पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि पुरानी रंजिश के चलते उन्होंने ही हत्या की वारदात को अंजाम दिया है।