लहिया गांव में ग्रामीणों पर लाठीचार्ज के दौरान पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
सीधी जिले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सभा स्थल में कुछ लोग एक लाश लेकर पहुंच गए। इससे सभा स्थल में अफरातफरी का माहौल हो गया। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोकने के लिए लाठीचार्ज कर दिया। इस कार्रवाई में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जिले के ग्राम लहिया में एक सभा आयोजित की गई थी। इस दौरान कुछ लोग एक युवक की लाश लेकर सभा स्थल पर पहुंच गए। इससे वहां पर अफरातफरी का माहौल बन गया। इस दौरान सभा स्थल पर तैनात पुलिस कर्मियों ने उन लोगों को रोकने की काफी कोशिश की, लेकिन परिजन रुकने को तैयार नहीं हुए। वे लाश को लेकर मुख्यमंत्री के सभा स्थल तक पहुंच गए।
इस वजह से पुलिस कर्मियों ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने भी पथराव कर दिया। इसकी वजह से तीन पुलिस कर्मी घायल हो गए हैं। वहीं, चार से अधिक ग्रामीणों को चोटें आई हैं।
इसे लेकर पुलिस ने बताया कि मृतक युवक का नाम कमलेश कुल (30) है। उसकी लाश ग्राम उकरहा के नहर के किनारे मिली है। पुलिस ने बताया कि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। इसलिए वे लाश को लेकर सीएम शिवराज चौहान के सभा स्थल पर पहुंच गए। यहां पर वे अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं और मुख्यमंत्री से मिलने की जिद कर रहे हैं।