पन्ना के विश्रामगंज रेंज स्थित रेंज डैम डूब क्षेत्र के पास बारिश के बाद हीरा तलाशने करीब 4-5 सौ लोग नदी में उतर गए। सूचना पर वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर भीड़ हटाई और निगरानी बढ़ा दी।
बारिश के बाद नदियों में बहकर आने वाले कंकण और मिट्टी में हीरा मिलने की उम्मीद में हीरा तलाशने के लिए एक बार फिर बड़ी संख्या में लोग नदी में उतर गए। मामला विश्रामगंज रेंज के रेंज डैम डूब क्षेत्र के पास का है। यहां करीब 4 से 5 सौ लोगों के पहुंचने की सूचना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई की। टीम ने लोगों को समझाइश देकर क्षेत्र से बाहर किया। साथ ही, अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।
इस बार भी विश्रामगंज रेंज के रेंज डैम डूब क्षेत्र के पास नदी में ऐसा ही नजारा देखने को मिला। जानकारी के मुताबिक, पन्ना और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग नदी में हीरा तलाशने के लिए पहुंच गए। बताया जा रहा है कि भीड़ का आंकड़ा करीब 4 से 5 सौ तक पहुंच गया था। नदी किनारे लोगों ने अस्थायी टेंट तक लगा लिए थे और बड़ी संख्या में लोग पानी के बीच उतरकर चाल तलाशते नजर आए।
पढे़ं: गर्भवती महिला से थाने में बर्बरता का आरोप, हजारों लोगों का घेराव; पुलिस ने किया लाठीचार्ज
वन विभाग के मुताबिक, क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को रोकने और वन क्षेत्र की सुरक्षा के लिए निगरानी रखी जा रही है। नदी और उसके आसपास का इलाका वन क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से वन्यजीवों की मौजूदगी वाले क्षेत्र में भी खतरा पैदा हो सकता है। वन विभाग ने लोगों को क्षेत्र से हटाने के साथ ही आगे ऐसी गतिविधियों पर नजर रखने की बात कही है।