पन्ना जिले के देवेंद्रनगर में कपड़ा दुकान में हुए कथित जानलेवा हमले के मामले में करीब एक महीने से फरार चल रहे आरोपी अमित जैन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी को रायसेन टोल नाके से पकड़ा गया। अमित जैन भाजपा नेत्री अमिता बागरी के पति हैं और पुलिस के अनुसार उनके खिलाफ पहले से 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया और फिर देवेंद्रनगर शहर में उसका पैदल जुलूस निकाला। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
दरअसल, देवेंद्रनगर में एक कपड़ा दुकान में मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में अमित जैन लंबे समय से फरार चल रहे थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रायसेन टोल नाके के पास मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने नियमानुसार मेडिकल परीक्षण कराया और आरोपी को शहर में पैदल ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य कानून व्यवस्था के प्रति लोगों में विश्वास कायम करना और अपराधियों में कानून का भय पैदा करना है।
ये भी पढ़ें-
दतिया अपराध: भाजपा पूर्व जिला कोषाध्यक्ष के घर से अवैध शराब की खेप बरामद, दो गिरफ्तार; पूर्व पार्षद फरार
राजनीतिक षड्यंत्र के आरोप
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। भाजपा नेत्री और आरोपी अमित जैन की पत्नी अमिता बागरी ने वीडियो जारी कर पुलिस प्रशासन और स्थानीय गुन्नौर विधायक राजेश वर्मा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अमिता बागरी का आरोप है कि पूरा मामला पारिवारिक और संपत्ति विवाद से जुड़ा था, जिसे राजनीतिक रंजिश के चलते षड्यंत्रपूर्वक गंभीर धाराओं में तब्दील किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके परिवार को पुलिस के माध्यम से लगातार परेशान किया जा रहा है।
अमिता बागरी ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक दबाव का परिणाम बताया है। हालांकि पुलिस ने भाजपा नेत्री के इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। देवेंद्रनगर थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव का कहना है कि पुलिस ने मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर कार्रवाई की है। उनका कहना है कि गिरफ्तारी से लेकर आरोपी को न्यायालय में पेश करने तक सभी प्रक्रियाओं का पालन किया गया है और कार्रवाई पूरी तरह निष्पक्ष है।
पुलिस के मुताबिक अपराधिक प्रवृत्ति का है अमित जैन
पुलिस के मुताबिक आरोपी अमित जैन के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। दूसरी ओर, भाजपा नेत्री द्वारा लगाए गए राजनीतिक षड्यंत्र और पुलिस प्रताड़ना के आरोपों ने इस पूरे मामले को और ज्यादा चर्चित बना दिया है।