मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में ससुराल से मायके आई एक नवविवाहिता ने प्रेमी के साथ मिलकर खेत में एक पेड़ से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह दोनों के शव पेड़ पर झूलते हुए मिलने से हड़कंप मच गया। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। विजयपुर थाना पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना विजयपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुरा गांव के पास खेतों की है। बताया गया है कि मोहनपुरा गांव निवासी युवक आशु कुशवाह और पड़ोस में रहने वाली युवती सरस्वती कुशवाह का लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लेकिन उनके घर वालों को दोनों के बीच प्रेस प्रसंग की जानकारी नहीं थी। बताया गया है कि तीन महीने पहले सरस्वती के घर वालों ने उसका विवाह राजस्थान निवासी युवक से कर दिया। लेकिन दोनों अपने प्रेम को भुला नहीं पाए। पिछले दिनों सरस्वती ससुराल से मायके मोहनपुरा गांव आई तो प्रेमी और प्रेमिका ने मिलकर मन में यह ठान लिया कि वह साथ जी नहीं सके तो साथ मर जाएंगे। रविवार रात मरने से पहले उन्होंने सुसाइड नोट भी लिखा, उसके बाद गांव के बाहर खेतों में नीम के पेड़ की डाली पर एक साथ फंदे से झूल गए।
ग्रामीणों ने सोमवार सुबह दोनों के शवों को पेड़ पर फंदे से लटके हुए देखा तो सनसनी फैल गई। मामले की जानकारी मिलने पर विजयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों के शवों को फंदे से नीचे उतारा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक सुसाइड नोट मिला। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। विजयपुर थाना प्रभारी का कहना है कि मोहनपुरा गांव के पास खेतों की यह घटना है। वहां पड़ोस में रहने वाले युवक और उसी गांव की नवविवाहिता के शव खेतों में नीम के पेड़ पर बने फंदे से लटके हुए मिले हैं।