रियलटी शो 'डांस दीवाने' के मंच पर पहुंचीं नीमच की पांच बच्चियां
- फोटो : सोशल मीडिया
मशहूर रियलिटी शो 'डांस दीवाने' के मंच तक पहुंचीं नीमच शहर में झुग्गियों में रहने वाली पांच बच्चियों की हर कहीं चर्चा है। टीवी पर उनके हुनर को देखकर अब सभी उनकी तारीफ कर रहे हैं।
बता दें कि नीमच में रहने वाली सोफिया अब्बासी, रमिला भूरिया, आशा मईडा, अंजलि सारेल और सपना निनामा की उम्र 11 से 14 साल के बीच है। सभी की मां लोगों के घरों में बर्तन मांजती हैं। हैं। पिता हाथ ठेला धकाने या मंडी में हम्माली का काम करते हैं। इनमें से एक बच्ची के सिर से पिता का साया उठ चुका है।
शो की जज नोरा फतेही बच्चियों के डांस सिक्रोनाइजेशन को देखकर हैरान रह गईं। उन्होंने उनके बीच के तालमेल की भी प्रशंसा की। मंच से ही बच्चियों ने जब अपनी स्थिति के बारे में बताया तो अभिनेत्री नीतू सिंह सहित सबकी आंखें नम हो गईं। बच्चियों ने बताया कि वे मोबाइल फोन से प्रैक्टिस करती हैं, क्योंकि उनके पास स्पीकर खऱीदने के पैसे नहीं है। डांस के बाद नोरा फतेही ने पांचों बच्चियों को गले से लगा लिया, और उन्हें गली गर्ल्स का नाम दिया।
बच्चियों की भावुक कर देने वाली व्यथा
गली गर्ल्स के नाम से पहचान पाने वाली बच्चियों ने जब उनके निजी जीवन के संघर्ष को बयां किया तो शो पर सन्नाटा छा गया। उन्होंने मंच से बताया कि वो कृषि मंडी में रात को जाकर दिनभर में बिखरे अनाज को समेटती हैं और घर लाती हैं। तब जाकर खाना पकता है। कई बार एक वक्त ही खाना मिल पाता है। बच्चियों के डांस ट्रेनर उदय सारेल डांस के रियलिटी शो में पहले हिस्सा ले चुके हैं। उदय कहते हैं कि बस्ती में ज्यादातर लोगों के पास गरीबी रेखा से नीचे का कार्ड भी नहीं है। इस कारण सरकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल पाता।