मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिला मुख्यालय से दलित को पीटे जाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले से लगभग 60 किलोमीटर दूर धरमपुरा में 30 वर्षीय दलित को सिर्फ इसलिए उंची जाति के लोगों ने पीट दिया क्योंकि वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर सरपंच के बड़े भाई के घर के पास से गुजर गया।
दलित व्यक्ति का बाइक पर सवार होकर सरपंच के बड़े भाई के घर के सामने से निकलना सरपंच के भाइयों को इस कदर नागवार गुजरा कि उन्होंने कथित तौर पर उसकी जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने इस मामले में सरपंच के तीन भाइयों सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पीड़ित दयाराम अहिरवार ने बताया कि वह मोटरसाइकिल से बाजार जा रहा था। रास्ते में हेमंत कुर्मी का घर भी पड़ा था। जब वह बाजार से वापस लौट रहा था तब उसके आदमियों ने उसे रोका और मारने लगे। उन्होंने मारते हुए उसे कहा कि अगर वह फिर से मोटरसाकिल से सवार होकर उसके घर से निकलेगा तो वह उसे मार देंगे। दयाराम ने कहा कि उनलोगों ने उसे जाति का नाम लेकर गालियां भी दीं।
देरी पुलिस चौकी के प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक रामसेवक झा ने आज बताया कि 21 जून को पिछड़ा वर्ग से ताल्लुक रखने वाले सरपंच के बड़े भाई विनोद कुर्मी ने अपने दो भाइयों और पड़ोसी दिनेश यादव के साथ मिलकर सामूहिक तौर पर दलित शख्स दयाराम की कथित तौर पर इसलिये पिटाई कर दी क्योंकि वह उनके घर के सामने से बाइक पर सवार होकर निकल रहा था।
झा ने बताया कि पीड़ित दयाराम ने इस मामले की शिकायत पुलिस में की। घटना का वीडियो भी 23 जून को वायरल हुआ जिसमें सरपंच हेमंत कुर्मी का भाई विनोद कुर्सी पर बैठा है और वह जमीन पर बैठे दयाराम के साथ मारपीट कर रहा है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ सम्बद्ध धाराओं में मामला दर्ज कर कल रात गांव से ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।