दमोह में बीजेपी के पूर्व सांसद चंद्रभान सिंह के भांजे विक्रम ठाकुर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। घटना का कारण अज्ञात है, फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के असाटी वार्ड एक निवासी युवक का शव उसके ही घर में फंदे से झूलता मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया और मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया। मृतक दमोह के पूर्व सांसद चंद्रभान सिंह का भांजा है।
बता दें कि शनिवार दोपहर विक्रम पिता संजय ठाकुर 32 साल का शव घर में फंदे से लटका मिला है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला जांच में लिया है। इस मामले में परिजन कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। वहीं, पड़ोसी दीपक नेमा ने बताया कि उनके पड़ोसी विक्रम ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस जांच में ही कारणों का पता चलेगा।
पूर्व सांसद चंद्रभान सिंह के बहनोई संजय ठाकुर दमोह जनपद कार्यालय में लिपिक के पद पर पदस्थ थे। उनके निधन के बाद दूसरे बेटे अनुराग को अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। चंद्रभान सिंह साल 2004 से 2009 तक दमोह लोकसभा से बीजेपी के सांसद थे।