दमोह जिले के पटेरा थाना क्षेत्र के पिपरिया साहनी गांव में खेत में बने सार्वजनिक मंदिर में विराजमान हनुमान प्रतिमा को शनिवार रात असामाजिक तत्वों ने खंडित कर दिया। सुबह पूजा करने पहुंचे गांव के राज किशोर राजपूत ने सबसे पहले प्रतिमा को खंडित हालत में देखा और उसके बाद खेत मालिक को जानकारी दी। जहां से सभी लोग पटेरा थाने पहुंचे और पुलिस शिकायत दर्ज कराई है पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता खेत मालिक संजय पालीवाल ने बताय उनके खेत में एक सार्वजनिक हनुमान जी का मंदिर है, जहां गांव के लोग पूजा करने पहुंचते हैं। नियमित रूप से गांव के राज किशोर राजपूत पूजा करने आते हैं। सुबह राजकिशोर ने जब प्रतिमा को खंडित देखा तो उन्होंने मुझे खबर की, जिसके बाद में मौके पर पहुंचा और फिर गांव के सभी लोग पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने आए है। मंदिर के पास रहने वाले आदिवासी व्यक्ति का कहना है कि रात में उसे कुछ हलचल सुनाई दे रही थी।
संभवत असामाजिक तत्वों के द्वारा जानबूझकर धार्मिक भावनाएं भड़काने के लिए इस तरह का कृत्य किया गया है। पुलिस को शिकायत आवेदन देने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि तत्काल आरोपियों को पकड़ कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी पर मामला दर्ज किया है। बता दें दमोह में लगातार असमाजिक तत्वों के द्वारा इस प्रकार की हरकत की जा रही है 15 दिन पहले ही हिंडोरिया थाना अंतर्गत किसी असमाजिक तत्व ने शिव लिंग गायब कर दिया था जिसे पुलिस कुछ ही घंटो में खोज लिया था।