टक्कर के बाद वाहनों की स्थिति।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
बता दें कि हादसा सिवनी-छिंदवाड़ा रोड पर स्थित श्रीजी रिसॉर्ट के सामने हुआ है। जानकारी के अनुसार मैजिक वाहन चालक सिंगोड़ी निवासी सोनू चंद्रवंशी अपने मैजिक वाहन से सिवनी से छिंदवाड़ा की तरफ आ रहा था, तभी सामने से तेज गति से भाग रही कार अनियंत्रित होकर सड़क की दूसरी ओर जाकर उस मैजिक वाहन से टकरा गई। हादसा इतना भयानक था कि दोनों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मैजिक वाहन चालक सोनू चंद्रवंशी के सिर में गंभीर चोट आई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार मुकेश सनोडिया पिता संतोष सनोडिया और उसके साथी मोहनलाल सनोडिया, और अन्नू यादव निवासी छपारा भी बुरी तरह से घायल हो गए। जिन्हें लोगों की मदद से पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान मोहनलाल और अन्नु की मौत हो गई, जबकि मुकेश को गंभीर हालत में नागपुर रेफर किया गया है।
काफी तेज गति से भाग रही थी कार
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो यह कार काफी तेज गति से भाग रही थी, जो अचानक श्रीजी रिसोर्ट के पास अनियंत्रित होकर दूसरी साइड से आ रहे मैजिक वाहन से टकरा गई। हादसे में दोनों वाहन के परख्च्चे उड़ गए जबकि तीन लोगों की मौत हो गई।