फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP: 'तुम्हारे दांत तोड़ दूंगा', CEO ने जिला पंचायत अध्यक्ष पति पर लगाया धमकाने का आरोप; भाजपा नेता पर केस दर्ज

Thu, 23 Apr 2026 04:20 PM IST
Sabahat Husain न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आलीराजपुर

सार

आलीराजपुर में जिला पंचायत CEO प्रिया काग ने भाजपा नेता इंदर सिंह चौहान पर धमकी और हमले की कोशिश का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई। मामला कन्या विवाह योजना के आवेदनों के निरस्तीकरण से जुड़ा है, जांच जारी है।

विज्ञापन
अपराध - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मध्य प्रदेश के आलीराजपुर में एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है, जहां जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) प्रिया काग ने बुधवार देर रात को जिला पंचायत अध्यक्ष के पति और भाजपा नेता इंदर सिंह चौहान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि चौहान ने सरकारी कार्यालय के भीतर उन्हें धमकाया और मारपीट की कोशिश की।

यह पूरा मामला मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आवेदनों को निरस्त किए जाने से जुड़ा है। यह एफआईआर बुधवार देर रात पुलिस थाने में दर्ज की गई। अपनी शिकायत में प्रिया काग ने बताया कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार आवेदनों की जांच के बाद कुछ आवेदन निरस्त किए गए। नियमों के मुताबिक, केवल पात्र और अविवाहित लाभार्थी ही इस योजना का लाभ ले सकते हैं।

जांच के दौरान पाया गया कि कुछ आवेदक पहले से ही विवाहित थे और कुछ मामलों में उन्होंने अपने विवाह के निमंत्रण पत्र की प्रतियां भी संलग्न की थीं, जिससे उनकी अपात्रता स्पष्ट हो गई। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया, जब इंदर सिंह चौहान ने जिला कार्यालय में आकर इन आवेदनों के निरस्तीकरण पर आपत्ति जताई। शिकायत के अनुसार, चौहान मुख्य गेट के पास जोर-जोर से चिल्लाने लगे और प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाने लगे। जब काग ने उन्हें नियमों और निरस्तीकरण के कारण समझाने की कोशिश की, तो वे कथित रूप से आक्रामक हो गए।

विज्ञापन


पढ़ें:  देवी-देवता का ढोंग कर महिलाओं से ठगी करने वाले पर एक्शन, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

प्रिया काग के अनुसार, चौहान ने उन्हें धमकी देते हुए कहा कि मैं तुम्हारे दांत तोड़ दूंगा और तुम्हें जान से मार दूंगा। स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई, जब चौहान ने कथित रूप से उनकी ओर बढ़ते हुए शारीरिक हमला करने की कोशिश की। हालांकि, जिला लेखा अधिकारी सावन भिड़े ने बीच-बचाव कर उन्हें रोक लिया, जिससे मामला और नहीं बढ़ पाया।

काग ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले चौहान ने उनके कार्यालय कक्ष से जबरन सीसीटीवी कैमरे हटवा दिए थे, जिसकी शिकायत उन्होंने डिप्टी कलेक्टर से की थी। उन्होंने बताया कि यह ताजा घटना जिला परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए काग ने कहा, "मैं अपने कार्यस्थल और घर दोनों जगह असुरक्षित महसूस कर रही हूं। इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता उमंग सिंघार ने कहा कि यदि एक वरिष्ठ महिला अधिकारी को नियमों के अनुसार कार्रवाई करने पर धमकाया जाता है, तो यह शासन व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने राज्य सरकार से बिना किसी राजनीतिक हस्तक्षेप के सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।   

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें