मध्यप्रदेश के मंत्री कमल पटेल ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने कांग्रेस नेता और तत्कालीन केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री कमलनाथ के खिलाफ सीबीआई जांच करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजीव गांधी फाउंडेशन (आरजीएफ) को चीनी दूतावास से चंदा मिला जिसके कारण उन्होंने चीनी आयात पर छूट दी।
चीन और कांग्रेस का गुपचुप रिश्ता: जेपी नड्डा
भाजपा अध्यक्ष ने 25 जून को कांग्रेस पर आरोप लगाया था कि ये चीन से फंड लेते हैं और उसके बाद स्टडी कराते हैं, जो देश के हित में नहीं है। ये उसके लिए वातावरण तैयार करते हैं। उन्होंने कहा था कि देश जानना चाहता है कि राजीव गांधी फाउंडेशन को इतना पैसा किस बात के लिए दिया गया था और उन्होंने देश में क्या स्टडी की थी, ये भी देश जानना चाहता है। नड्डा ने कहा था कि आज मैंने टीवी में देखा और दंग हूं कि राजीव गांधी फाउंडेशन को 2005-06 में पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना और चीन दूतावास ने मोटी रकम दी। ये है चीन और कांग्रेस का गुपचुप रिश्ता।
इसके बाद 26 जून को जेपी नड्डा ने कहा था, 'प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) संकट में लोगों की मदद करने के लिए बनाया गया था लेकिन यूपीए कार्यकाल में राजीव गांधी फाउंडेशन (आरजीएफ) को पैसे दान किए जा रहे थे। पीएमएनआरएफ के बोर्ड में कौन बैठा था? सोनिया गांधी। आरजीएफ का अध्यक्ष कौन है? सोनिया गांधी। पूरी तरह से निंदनीय, नैतिकता की उपेक्षा, प्रक्रियाओं और पारदर्शिता को लेकर किसी को फिक्र नहीं थी।'