मध्य प्रदेश के इंदौर में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और आलम यह है कि जिले में कोरोना मृत्यु दर राष्ट्रीय औसत से ज्यादा है। जिले में बीते 24 घंटे में 1,259 नमूनों की जांच में कोरोना के 19 नए मरीज मिले हैं। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4,753 हो गई है।
सीएमएचओ ने बताया कि कोरोना से संक्रमित 68 वर्षीय महिला समेत चार और मरीजों की अलग-अलग अस्पतालों में इलाज के दौरान आज मौत हो गई। इसके बाद जिले में इस महामारी की चपेट में आने के बाद दम तोड़ने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 236 पर पहुंच गई है।
बता दें कि इंदौर में मृत्यु दर 5 प्रतिशत है जो कि राष्ट्रीय औसत 2.95 प्रतिशत से 2.1 प्रतिशत अधिक है। इंदौर में पॉजिटिव केस आने की रफ्तार में कुछ कमी जरूर आई है लेकिन अभी भी कोरोना की मृत्यु दर जिले में सर्वाधिक है।