मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। बादल रहने से रात का पारा चढ़ा है, इससे फिलहाल ठंड से राहत है। दिन में जरूर नमी भरी हवाएं असर दिखा रही हैं। प्रदेश में सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर ही बना रहा। नरसिंहपुर में सबसे कम 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सागर के दिन के तापमान में बड़ी गिरावट रही, बीते 24 घंटे में यहां अधिकतम तापमान 8.4 डिग्री तक गिर गया। भोपाल में भी दिन का पारा 6.4 डिग्री तक गिरा है।
बता दें कि देश के ऊपरी राज्यों में बारिश, बर्फबारी और शीतलहर से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। इसके कारण मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में शीतलहर के आसार बढ़ गए हैं। मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। अगले 24 घंटे के लिए मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। कई जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों में कड़ाके की सर्दी पड़ेगी।
मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में फिलहाल एक साथ चार वेदर सिस्टम एक्टिव हैं। अगले दो-तीन दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना जताई गई है। शनिवार को भी भोपाल और आसपास के जिलों में बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान राजगढ़, विदिशा जिलों में ओले भी गिर सकते हैं।
बीते 24 घंटे की बात करें तो प्रदेश के कई जिलों में दिन काफी ठंडे रहे। सागर में 17.0, दमोह-खजुराहो में 17.6, नौगांव में 18.2, सतना में 18.3, टीकमगढ़ में 18.5, ग्वालियर में 19.0 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। सागर में सबसे ज्यादा बारिश बताई गई, यहां 36.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा नौगांव में 31.8 मिमी, रायसेन में 27.8 मिमी, दतिया में 21.2 मिमी बारिश हुई। इंदौर में 12 मिमी और भोपाल शहर में 11.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भोपाल, रीवा, सागर, छतरपुर, दमोह, पन्ना, नीमच, मंदसौर, उज्जैन, रतलाम, देवास, रायसेन, सीहोर, इंदौर, धार, अलीराजपुर और झाबुआ जिले में येलो अलर्ट जारी किया है। यहां बिजली गिरने की संभावना है। वहीं ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी जिलों के अलावा राजगढ़, विदिशा, आगर मालवा और शाजापुर जिले में ऑरेंज अलर्ट है, यहां ओलावृष्टि हो सकती है।