मध्य प्रदेश में बीजेपी का महापौर प्रत्याशियों को लेकर मंथन जारी है। शनिवार को चुनाव समिति और कोर ग्रुप की 5 घंटे बैठक चली। बीजेपी महापौर प्रत्याशियों की सूची रविवार को जारी करेगी।
बीजेपी की चुनाव समिति, कोर ग्रुप की बैठक शनिवार शाम को मुख्यालय में आयोजित हुई। 5 घंटे की बैठक में महापौर प्रत्याशियों के दावेदारों की स्थिति, सर्वे रिपोर्ट और निकाय प्रभारियों की रिपोर्ट पर चर्चा हुई। बैठक के बाद बीजेपी कोर ग्रुप की सदस्य कविता पाटीदार ने कहा कि चुनाव समिति और कोर समिति की बैठक हुई है। इसमें निकाय चुनाव में घोषणा पत्र पर बातचीत हुई। इसके अलावा प्रचार-प्रसार और महापौर प्रत्याशियों के नाम पर भी चर्चा हुई है। बीजेपी महापौर प्रत्याशियों की सूची रविवार को जारी करेगी।
बैठक में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया देरी से पहुंचे। हालांकि बताया गया कि सिंधिया प्लेन से वर्चुअली बैठक में जुड़े थे। वह एयरपोर्ट से सीधे बीजेपी मुख्यालय पहुंचे। जहां बैठक में 10 मिनट ही शामिल होने के बाद निकल गए। बताया जा रहा है कि भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर की सीटों को लेकर एक राय नहीं बन पा रही है। ऐसे में अब पार्टी का शीर्ष नेतृत्व के फैसला लेने की बात कही जा रही है।
बीजेपी ने पार्षदों का चयन करने के लिए पार्टी ने संभागीय स्तर पर समिति बना दी है। बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, राज्यसभा सदस्य कविता पाटीदार, मंत्री भूपेंद्र सिंह, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, पूर्व बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह शामिल हुए।