बंगलूरू के एक होटल में ठहरे कांग्रेस विधायकों ने भोपाल लौटने के लिए बाकायदा एक योजना बनाई थी, जो शुक्रवार को अंतिम समय में टला दी गई। योजना के अनुसार कुछ विधायकों को शुक्रवार शाम को भोपाल एयरपोर्ट पर उतरना था। इसके लिए वह बंगलूरू एयरपोर्ट पर पहुंच भी गए थे।
ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी और हाल ही में भाजपा की सदस्यता लेने वाले पंकज चतुर्वेदी ने बताया कि आखिरी समय में विधायकों से भोपाल एयरपोर्ट के बाहर भारी संख्या में हाथों में लाठी लिए खड़े कार्यकर्ताओं को देखते हुए कहा गया कि सुरक्षा के लिहाज से भोपाल नहीं आएं। इसी बीच कुछ टीवी चैनलों पर बंगलूरू एयरपोर्ट पर अपनी फ्लाइट का इंतजार करते हुए विधायकों की वीडियो फुटेज जरूर दिखाई गई।
बता दें कि कांग्रेस के 22 विधायकों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस छोड़ने के बाद इस्तीफा दे दिया था। इनमें से 19 विधायक बंगलूरू में ही ठहरे हुए हैं। विधायकों के इस्तीफों के बाद मुख्यमंत्री कमलनाथ की 15 महीने पुरानी सरकार इस समय संकट के दौर से गुजर रही है।