मध्यप्रदेश में भाजपा ने जोबट और पृथ्वीपुर विधानसभा सीटें कांग्रेस से छीन ली है। हालांकि, कांग्रेस ने भाजपा से रैगांव सीट छीन ली है। जोबट में कांग्रेस से दो बार विधायक रहने के बाद भाजपा में शामिल हुई सुलोचना रावत ने कांग्रेस के महेश पटेल को हरा दिया है। रैगांव में कांग्रेस की कल्पना वर्मा और पृथ्वीपुर में डॉ. शिशुपाल यादव ने जीत हासिल कर ली है। खंडवा संसदीय सीट पर भाजपा ने कब्जा कायम रखा है।
जोबट में भाजपा प्रत्याशी सुलोचना रावत ने कांग्रेस के महेश पटेल को हरा दिया है। 30 राउंड की गिनती के बाद 6,080 वोट से सुलोचना रावत ने जीत हासिल की है। एक समय पर तो सुलोचना रावत 10 हजार वोट से आगे निकल गई थी। बाद के राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी हार का अंतर कम करने में कामयाब रहे।
रैगांव में शुरुआती राउंड में बढ़त बनाने के बाद भाजपा पिछड़ गई। कांग्रेस की कल्पना वर्मा ने भाजपा प्रत्याशी प्रतिमा बागरी को 12 हजार 600 वोट से हराया। कल्पना को 72 हजार 596 तो बागरी को 60 हजार 331 वोट मिले।
पृथ्वीपुर में भाजपा के शिशुपाल यादव ने कांग्रेस के नितेंद्र राठौड़ को 10 हजार 749 वोट से हराया। उन्हें 79 हजार 982 वोट मिले। नितेंद्र को 69 हजार 233 वोट प्राप्त हुए। शुरुआती राउंड्स में अच्छी बढ़त बनाने के बाद यादव ने 20 राउंड में 13 हजार से अधिक वोट की निर्णायक बढ़त हासिल की है। पृथ्वीपुर में सिर्फ दो राउंड की गिनती रह गई है।
चुनाव में छाए रहे ये मुद्दे
कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में भाजपा पर महंगाई, बिजली-खाद संकट के साथ ही अन्य मुद्दों को हाइलाइट किया है। कमलनाथ ने तो शिवराज के 17 साल के शासन की कमियां गिनाई। फिर बेरोजगारी, कुपोषण जैसे मुद्दे भी उठाए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हर क्षेत्र में एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया। भाजपा ने 12 मंत्रियों और 40 विधायकों को फुलटाइम चुनावी ड्यूटी में लगाए रखा। शिवराज सिंह चौहान ने 40 सभाओं को संबोधित किया। पांच रातें तो उन्होंने निर्वाचन क्षेत्रों में ही बिताईं। कभी किसी आदिवासी के घर भोजन किया तो किसी गरीब के घर जाकर ठहरे। सुबह शेव करने वाला वीडियो भी खूब वायरल हुआ। समय कम बचा था तो पुनासा डैम पर खड़े-खड़े ही एक सभा को संबोधित किया।
सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना
मप्र के उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी प्रमोद कुमार शुक्ल ने बताया कि 2 नवंबर को सुबह 8 बजे केंद्रीय प्रेक्षक की उपस्थिति में मतगणना शुरू हुई। प्रत्येक विधानसभा में मतगणना के लिए दो दो हॉल नियत हैं जिनमें सात सात टेबल लगाई है। पोस्टल बैलेट की गणना हेतु निवाड़ी, सतना, आलीराजपुर व खंडवा में अलग से कक्ष स्थापित है। पृथ्वीपुर विधानसभा में 22 राउंड, रैगांव में 23 राउंड, जोबट में 30 राउंड और खंडवा संसदीय क्षेत्र में बागली में 26 राउंड, मांधाता में 23 राउंड, खंडवा में 28 राउंड, पंधाना में 28 राउंड, नेपानगर में 27 राउंड, बुरहानपुर में 32 राउंड, भीकनगांव में 25 एवं बड़वाहा में 24 राउंड में मतगणना होगी। मतगणना हेतु 340 कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं।सभी मतगणना स्थलों पर जिला पुलिस बल एवं केंद्रीय अद्र्ध सैनिक बल की तैनाती की गई है।