फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुरैना: माधोगढ़ गांव में डेंगू-वायरल फीवर का कहर, 150 से 200 लोग बीमार; दो महिलाओं की मौत से मचा हड़कंप

Wed, 07 Oct 2026 05:52 PM IST
मुरैना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरैना

सार

मुरैना के माधोगढ़ गांव में 15 दिनों से डेंगू और वायरल फीवर के मामले सामने आ रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार 150-200 लोग बीमार हैं। दो महिलाओं की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने 70 मरीजों के सैंपल लिए, चार में डेंगू मिला।

 

विज्ञापन
मृतका - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुरैना के माधोगढ़ गांव में पिछले करीब 15 दिनों से डेंगू और वायरल फीवर के मामलों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव के लगभग हर घर में कोई न कोई व्यक्ति बीमारी की चपेट में है। कई मरीज घरों में बिस्तर पर हैं, जबकि बड़ी संख्या में लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, अब तक करीब 70 मरीजों को कैलारस से जिला अस्पताल भेजा गया है। इनमें से करीब 40 मरीजों की हालत गंभीर होने पर उन्हें ग्वालियर रेफर किए जाने की बात सामने आई है। इसी बीच तेज बुखार के चलते दो महिलाओं की मौत की जानकारी सामने आई है।

मृतकों में 47 वर्षीय ममता धाकड़ पत्नी अमन लाल धाकड़ और 41 वर्षीय मनीषा शाक्य पत्नी सुरेश शाक्य शामिल हैं। दोनों की कैलारस अस्पताल में बुखार के दौरान मौत हुई थी। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मौत से पहले दोनों महिलाओं में डेंगू की पुष्टि नहीं हुई थी।

विज्ञापन


पढ़ें: बांधवगढ़ से निकला कॉलर वाला हाथी 5वें दिन भी जंगलों में कर रहा मूवमेंट, 100 किमी से ज्यादा का सफर

ग्रामीण अजय धाकड़ का कहना है कि गांव में अभी भी करीब 150 से 200 लोग बीमार हैं। उनका कहना है कि कई मरीज घरों में ही बिस्तर पर हैं और उनका इलाज चल रहा है। वहीं, 108 एंबुलेंस चालक गोविंद जादौन के मुताबिक, पिछले तीन दिनों में उन्होंने माधोगढ़ गांव से करीब 70 मरीजों को जिला अस्पताल पहुंचाया है। उनके अनुसार, गांव में अभी भी बड़ी संख्या में लोग बीमारी से जूझ रहे हैं।

मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग भी सक्रिय हुआ है। मुरैना के सीएमएचओ डॉ. पद्मेश उपाध्याय ने बताया कि माधोगढ़ में वायरल फीवर के साथ डेंगू के मरीज भी सामने आए हैं। ब्लॉक स्तर की टीम गांव में काम कर रही है, जबकि जिला अस्पताल से विशेषज्ञों की टीम भी गांव भेजी गई थी।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, जिला टीम ने करीब 70 मरीजों की जांच कर सैंपल लिए हैं। इनमें अब तक चार मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। डेंगू फैलाने वाले मच्छरों की रोकथाम के लिए गंदे पानी के स्रोतों को नष्ट किया गया है और गांव में फॉगिंग भी कराई गई है।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन गांव में बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने के कारण निगरानी और जांच का सिलसिला जारी है। ग्रामीणों ने भी स्वास्थ्य विभाग से गांव में स्वास्थ्य सेवाएं और जांच बढ़ाने की मांग की है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें