मंदिर में पंचायत के दौरान फायरिंग करते युवक।
- फोटो : Amar Ujala Digital
जिले के सिहोनियां थाना क्षेत्र के कोल्हुआ गांव में मंदिर पर चल रही पंचायत में आरोपी पक्ष ने दबंगई दिखाते हुए पंचों के सामने ही बंदूकों से हवाई फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग को देखकर पंचायत में अफरा-तफरी मच गई। कुछ पंच खड़े होकर अपने अपने घर चले गए और कुछ आरोपियों को समझाने का प्रयास करते नजर आए। इस फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर सुबह से जमकर वायरल हो रहा है। पुलिस ने चार आरोपियों पर मामला दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार कोल्हुआ निवासी जयप्रकाश ओझा के खाते से पांच लाख रुपये निकल गए। इस मामले में जयप्रकाश ने सिटी कोतवाली में कोल्हुआ निवासी धर्म सिंह तोमर के लड़के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया। इसी मामले को लेकर तीन सितंबर को कोल्हुआ मंदिर पर पंचायत बुलाई गई। उसी दौरान आरोपी धर्म सिंह तोमर बगैरह ने बंदूकों से हवाई फायर कर भय पैदा किया। फायरिंग के चलते मंदिर पर पंचायत के बीच भगदड़ मच गई। फायरिंग के दौरान किसी ने वीडियो बनाकर किसी ने वायरल कर दिया। वीडियो आज सुबह से वायरल हो रहा है। उसमें तीन लोग बंदूकों से फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।
वहीं, सिहोनिया थाना प्रभारी जयदीप भदोरिया का कहना है कि कोल्हुआ मंदिर पर पंचायत के दौरान फायरिंग के मामले में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी जीतू सिकरवार को गिरफ्तार कर लिया है।