घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती।
- फोटो : Amar Ujala Digital
नूराबाद क्षेत्र में हाईवे किनारे पर खड़ी एक कार में तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार एक महिला की मौके पर मौत हो गई। वहीं, ड्राइवर सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर है, जिसे जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर किया गया है।
जौरा निवासी निशा बानो की तबीयत खराब होने के कारण परिवार उन्हें ग्वालियर में इलाज के लिए लेकर गया था। आर्टिका कार से पूरा परिवार लौटकर जौरा आ रहा था। बानमोर और नूराबाद के बीच में निशा बानो की पौती रुखसार को उल्टियां होने लगीं, यह देखकर ड्राइवर ने कार को नूराबाद के पास रामखिलाड़ी ढाबा के सामने हाईवे किनारे रोक दिया। इसी दौरान ग्वालियर से एक ट्रक इतनी तेज रफ्तार में आया कि कार को टक्कर मारकर 40 मीटर से ज्यादा दूर तक घसीटता ले गया। टक्कर मारने के बाद ट्रक को लेकर ड्राइवर धौलपुर की ओर भाग गया। हादसे में 33 साल की आशमा परवीन पत्नी इरफान खान निवासी धौलपुर की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, रुखसार पत्नी शाहरूख खान उम्र 32 साल निवासी ग्वालियर, 75 वर्षीय निशा बानो और कार का ड्राइवर उमेश प्रजापति घायल हो गया। सड़क पर कराह रहे घायलों पर ग्वालियर से मुरैना आ रहीं भाजपा नेत्री मधु डण्डोतिया की नजर पड़ी। उन्होंने तीन गंभीर घायलों को अपनी कार में लिया और फिर नूराबाद थाने को सूचना देकर पुलिस की गाड़ी से अन्य घायलों को अस्पताल लेकर आईं। यहां आशमा को मृत घोषित कर दिया और नाजुक हालत होने पर ड्राइवर उमेश प्रजापति को ग्वालियर रेफर कार दिया।