टिकरिया थाना क्षेत्र में 14 फरवरी को मिले युवक के शव ने पूरे जिले को झकझोर दिया था। अब इस सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे में पर्दाफाश कर दिया है। जांच में सामने आया कि जबलपुर निवासी सुमित काछी की हत्या उसकी पत्नी ने ही अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर रची साजिश के तहत कराई थी।
मधुवन ढाबे के पास मिला था शव
कूड़ामैली के पास मधुवन ढाबा के समीप खून से सना शव मिलने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। मंडला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा मौके पर पहुंचे और विशेष टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए। एसडीओपी निवास पीएल वालरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप पांडेय की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
लूट की कहानी से खुला शक
शुरुआत में मृतक की पत्नी जमुना उर्फ कविता ने अज्ञात बदमाशों द्वारा लूट के इरादे से हमले की कहानी सुनाई, लेकिन घटनास्थल के हालात और कॉल रिकॉर्ड में मिले विरोधाभासों ने पुलिस का शक गहरा दिया। सख्ती से पूछताछ में पत्नी टूट गई और पूरी साजिश का खुलासा हो गया।
ये भी पढ़ें-
दतिया में विदेशी महिला से सामूहिक दुष्कर्म केस में आरोपियों की अपील खारिज, बरकरार रखी उम्रकैद
घायल बताकर बुलाया, फिर किया वार
पुलिस के अनुसार, पत्नी ने अपने प्रेमी सूर्यकांत के साथ मिलकर सुमित को रास्ते में रोकने की योजना बनाई। पहले उसे घायल अवस्था में सहारा देने का बहाना बनाया गया, फिर गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। वारदात को लूट जैसा दिखाने के लिए घटनास्थल की स्थिति बदलने की भी कोशिश की गई।
मंदिर से शुरू हुई नजदीकियां
जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि सूर्यकांत से जमुना की पहचान स्वयं सुमित ने कराई थी। सूर्यकांत पास के मंदिर में पुजारी का काम करता था। परिचय के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, जिससे दांपत्य जीवन में तनाव गहराता गया और अंततः मामला हत्या की साजिश तक पहुंच गया।
हथियार बरामद, आरोपी गिरफ्तार
एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि तकनीकी साक्ष्य, कॉल रिकॉर्ड और पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है।