सड़क किनारे मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
जिले के निवास थाना क्षेत्र में पुलिस गश्त के दौरान तिराहे के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सामान्य दिनचर्या के बीच सड़क किनारे पड़े शव ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और मृतक की पहचान के प्रयास शुरू किए। आसपास के लोगों से पूछताछ और ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना भिजवाने के बाद मृतक की पहचान भागचंद (22), निवासी ग्राम फड़की माल, जनपद नारायणगंज के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि भागचंद रविवार रात घर से बाहर निकला था लेकिन उसके बाद वह लौटकर नहीं आया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वह किसके साथ था या कहां गया था।
ये भी पढ़ें: MP News: बिना पड़ताल किए बांट दिए 1.14 करोड़ रुपये, घर बने ही नहीं; राशि लेकर निकल गए लाभार्थी
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के शरीर पर चोट, संघर्ष या दुर्घटना के कोई निशान नहीं मिले। घटनास्थल से कोई संदिग्ध वस्तु भी बरामद नहीं हुई। ऐसे में युवक की मौत का कारण रहस्य बना हुआ है। पुलिस बीमारी, जहरीला पदार्थ सेवन, अचानक हृदयगति रुकने या अन्य किसी वजह की संभावना को लेकर जांच कर रही है।
निवास के बीएमओ डॉ. पेगवार ने बताया कि मेडिकल टीम ने पोस्टमार्टम प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कोई ठोस निष्कर्ष नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस मृतक के परिवारजनों के बयान दर्ज कर रही है ताकि उसकी दिनचर्या, व्यवहार या हाल की गतिविधियों से जुड़े पहलू सामने आ सकें। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मौत मानते हुए जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोग घटना को लेकर चर्चा में हैं और जल्द सच सामने आने की उम्मीद जता रहे हैं।