अमरपाटन पुलिस ने कोरेक्स तस्करी करते तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मिर्जापुर से मैहर जिले में अवैध कफ सिरप लाकर सप्लाई की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई की गई है।
मध्यप्रदेश के मैहर में नशे के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। सोमवार रात मैहर की अमरपाटन पुलिस ने छह पेटी कफ सिरप के साथ तीन आरोपियों को लग्जरी वाहन सहित पकड़ा है। आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है।
विज्ञापन
मिली जानकारी के मुताबिक, पकड़े गए सभी अरोपी काफी लंबे समय से नशे के सामग्री की तस्करी करते थे, जिसके पीछे कई दिनों से पुलिस लगी हुई थी। पुलिस अधीक्षक के द्वारा एसडीओपी के नेतृत्व में गठित टीम ने कल बीती रात आरोपियों को धर दबोचा है। वहीं, इनके कब्जे से छह पेटी कफ सिरप भी जब्त की है।
मिर्जापुर से ला रहे थे मैहर
मिली जानकारी के मुताबिक, तिरंगा झंडा लगे इस लग्जरी वाहन में छह पेटी नशीली कफ सिरप को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से रीवा के रास्ते नेशनल हाइवे-30 से खपाने की नीयत से अमरपाटन लाई जा रही थी। पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल को मुखबिर से इस तस्करी की सूचना मिली, जिसके बाद घेराबंदी कर टीम ने इन आरोपी को वाहन सहित छह पेटी नशीली कफ सिरप के साथ गिरफ्तार किया है।
कई दिनों से एसपी की थी नजर
पुलिस ने बताया कि तिरंगा झंडा लगे इस वाहन में पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल की कई दिनों से कफ सिरप तस्करी की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद से इस वाहन पर टीम नजर बनाए हुए थी। कल रात पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली, जिसके बाद एसडीओपी प्रतिभा शर्मा के नेतृत्व में तत्काल टीम ने मौके से आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
रीवा जोन में जारी है अभियान
मैहर पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल ने बताया कि रीवा रेंज के आईजी गौरव राजपूत द्वारा नशे के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत आज तीन आरोपियों को छह पेटी नशीली कफ सिरप के साथ गिरफ्तार किया गया है। सभी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।