गधे को गुलाब जामुन खिलाते युकां पदाधिकारी व कार्यकर्ता
- फोटो : सोशल मीडिया
मप्र के देवास में जिला अस्पताल से गायब हुई नवजात बच्ची का अब तक पता नहीं चल सका है। एसपी ने बच्ची का पता लगाने के लिए एसआईटी का गठन किया है। अब तक जो टीमें बनाई गईं थीं वे नाकाम रही। इधर कांग्रेस का प्रदर्शन जारी है। बुधवार को यूथ कांग्रेस ने एक गधे को सीएमएचओ की तख्ती पहनाई और उसे गुलाब जामुन खिलाए।
बता दें कि पिछले दिनों देवास जिला अस्पताल से तीन दिन की नवजात बच्ची गायब हो गई थी। इसके बाद जमकर विरोध प्रदर्शन हुआ। सेन समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी देवास पहुंचे थे। कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला ने आश्वस्त किया था कि जल्द ही बच्ची को ढूंढ लिया जाएगा। पुलिस ने भी अलग-अलग टीमें बनाई थीं, लेकिन अब तक बच्ची का पता नहीं चल सका है। मंगलवार को एसपी डॉ. शिवदयाल सिंह ने एसआईटी का गठन किया है। इधर इस मामले में जिला अस्पताल प्रशासन के खिलाफ लगातार आवाजें उठ रही हैं।
युकां ने सीएमएचओ पर लगाए गंभीर आरोप
बुधवार को यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष जितेंद्रसिंह गौड़ के नेतृत्व में अनूठा प्रदर्शन किया गया। सीएमएचओ को हटाने की मांग करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक गधे को सीएमएचओ की तख्ती पहनाई और उसे गुलाब जामुन खिलाए। गौड़ ने कहा कि कुछ दिन पहले तीन दिन की नवजात बच्ची चोरी हो गई थी। इसमें अस्पताल प्रशासन की लापरवाही सामने आई थी। अस्पताल में कुल 18 कैमरे लगे हुए हैं, जिसमें 17 बंद थे। जिस रात को यह घटना हुई है उस समय जिस गार्ड की ड्यूटी थी वह भी मौके पर नहीं था। इससे तो यह लगता है कि अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था भी फेल है। कुछ दिन पहले ही सीएमएचओ पर सत्ता पक्ष के नेताओं ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे जिससे कि यह साबित होता है कि सीएमएचओ भ्रष्ट एवं लापरवाह है। उन्हें जल्द से जल्द कार्यमुक्त किया जाए। प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएमएचओ मुर्दाबाद के नारे लगाए। उनको बर्खास्त करने की मांग की। गौड़ ने कहा कि देवास के जनप्रतिनिधि अभी तक न ही बच्चे की मां से मिलने गए हैं और न ही उनके हालचाल जाने और जिला अस्पताल द्वारा बच्चे की मां पर दबाव बनाकर छुट्टी करने का कहा जा रहा है। युवा कांग्रेस ने सीएमएचओ की तुलना गधे से की और कहा कि उनको कुछ भी याद नहीं है और वह इतने बड़े पद पर बैठे हैं, इसलिए गधे को गुलाब जामुन खिला कर विरोध प्रदर्शन किया गया।