मध्य प्रदेश में जैसा अनुमान लगाया जा रहा था, वैसी ही ठंड पड़ने लगी है। मौसम अगले दो दिन और ठंडा होने के आसार हैं। उत्तर भारत की ओर से आ रही शीतलहर कंपकंपाने पर मजबूर कर रही है। प्रदेश में न्यूनतम में एक ही दिन में काफी गिरावट दर्ज की गई। कई जगह रात का पारा 4 डिग्री तक गिरा है।
प्रदेश के बड़े शहर इंदौर और भोपाल में सीजन की सबसे ठंडी रात रही। मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार नौगांव सबसे ठंडा रहा, यहां रात का तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया। जो शुक्रवार रात से 8.1 डिग्री कम है। इसके अलावा दतिया में भी शुक्रवार रात के तापमान से 8.2 डिग्री गिरकर पारा 4.2 डिग्री पर पहुंचा है। ग्वालियर में 4.2 डिग्री, गुना में 5.4 डिग्री, धार 8.4, पचमढ़ी 8.5, रायसेन 7.8, राजगढ़ 8.3, रतलाम 9.5, खजुराहो 7.0, सागर 7.6, सिवनी 9.0, टीकमगढ़ 7.0 डिग्री रहा। राजधानी भोपाल का न्यूनतम पारा 10 डिग्री तो अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री रहा। इंदौर में रात का पारा 11.7 पर तो दिन का तापमान 24.2 तक गया।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि जल्द पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो जाएगा। इस वजह से अब तापमान में और गिरावट आएगी। अगले दो दिन में और ठंड बढ़ेगी। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार उत्तर में बर्फबारी के कारण प्रदेश में कई जगह पर रात का पारा गिरा है। दक्षिण भारत में एक चक्रवाती घेरा बना है। यह हिंद महासागर के आसपास है। इसके कारण अगले पांच-छह दिन भूमध्य सागर की तरफ कोई हलचल नहीं रहेगी। इसका सबसे ज्यादा ग्वालियर-चंबल में रहेगा।
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो मौसम को प्रभावित करने वाला सिस्टम नहीं है। इस कारण उत्तरी हवा का आना जारी रहेगा। यह हवा अपने साथ जम्मू कश्मीर से बर्फीली ठंडक लेकर आ रही है। इससे रात के तापमान में गिरावट आना जारी रहेगी। 19 दिसंबर से तापमान ज्यादा गिरेगा। मध्यम से घना कोहरा भी छा सकता है। बादल व बूंदाबांदी की वजह से हवा में नमी आ गई है। कोहरा दो दिन तक रह सकता है। यदि दिन में कोहरा छाता है तो धूप नहीं निकलेगी।