इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र में इस मामले में महिला ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
- फोटो : Social Media
तीन तलाक कानून बन जाने के बाद भी लोगों की सोच नहीं बदली है। वे अब भी नहीं बदल पा रहे हैं। इंदौर से आई इस खबर ने यह बताया कि लोगों की सोच कैसी है और वे कानून तक को मान रहे हैं। एक महिला को उसके शौहर ने फोन पर ही तीन बार तलाक कह दिया। वजह सिर्फ इतनी कि महिला को बेटी हुई थी।
जानकारी के मुताबिक इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र में इस मामले में महिला ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। महिला श्रीनगर एक्सटेंशन में रहती है। उसने यूपी में रहने वाले अपने पति के खिलाफ दहेज प्रताडऩा का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार महिला का नाम अलीना (32) है। 2009 में उसका निकाह उप्र के हापुड़ निवासी मोहम्मद आस के साथ हुआ था। शादी के कुछ माह बाद ही पति मोहम्मद आस उसे परेशान करने लगा। दहेज न लाने की बात पर ताने मारते। 2014 में जब अलीना को बेटी हुई तो पति व ससुरालवालों की प्रताडऩा बढ़ गई। बार-बार ये कहकर ताने मारते थे कि हमें बेटा चाहिए। अलीना ने अपने मायके इंदौर में भाई को घटना बताई। भाई ने ससुरालवालों को समझाया। कुछ दिन तक सब ठीक रहे लेकिन फिर से परेशान करने लगे।
फोन पर दे दिया तलाक
ससुरालवालों के तानों से तंग आकर अलीना अपनी बेटी के साथ मायके आकर रहने लगी। यहां ट्यूशन पढ़ाने जाती जिससे थोड़े रुपए मिल सके। उसे लग रहा था कि धीरे धीरे हालात ठीक हो जाएंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसी साल जून में उसके पति मोहम्मद ने उसे कॉल किया और फोन पर ही तीन बार तलाक कहकर तलाक दे दिया। तब से अब तक समझाने का दौर चला लेकिन पति नहीं माना। आखिर में महिला ने पुलिस थाने पहुंचकर रिपोर्ट लिखाई। इसमें पति के अलावा देवर आरिफ, इसराइर और इस्माइल पर भी मारपीट का आरोप लगाया।