मध्यप्रदेश में एक दिन में 13.52 लाख लोगों को कोविड-19 वैक्सीन का डोज दिया गया। अधिकारियों का दावा है कि यह देश में एक दिन में सबसे अधिक डोज देने का रिकॉर्ड है।
प्रदेश में 100% टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए चलाए जा रहे मेगा कैम्पेन को बुधवार को बड़ी सफलता मिली है। स्वास्थ्यकर्मियों ने एक ही दिन में 13.52 लाख लोगों को वैक्सीन का डोज दिया है। यह किसी भी अन्य राज्यों के मुकाबले सबसे अधिक होने का दावा किया गया है।
सरकार ने चार दिन के मेगा कैम्पेन के तहत 11,159 वैक्सीनेशन सेंटर बनाए हैं। यह कैम्पेन बुधवार को शुरू हुआ। इसी तरह के तीन और अभियान 17 और 24 नवंबर तथा 1 दिसंबर को चलाए जाएंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिसंबर के अंत तक सभी पात्र नागरिकों को पूरी तरह वैक्सीनेट करने का लक्ष्य तय किया है। राज्य में 5.49 करोड़ लोग कोविड-19 वैक्सीन के पात्र हैं। कोविन पोर्टल के अनुसार राज्य में अब तक 7.38 करोड़ डोज लगाए गए हैं। इसमें 5.01 करोड़ पहले और 2.37 करोड़ दूसरे डोज शामिल हैं।
मध्यप्रदेश में बुधवार को कोरोनावायरस के पांच नए मामले सामने आए। इससे राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 7.92 लाख हो गई। बीते 24 घंटे में कोरोना की वजह से कोई मौत नहीं हुई और आंकड़ा 10,524 पर कायम है।