आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने फर्जी पासपोर्ट और वीजा के आधार पर रह रहे तीन अफगानी संदिग्धों को हिरासत में लिया है। सुरक्षा एजेंसी ने तीनों संदिग्धों को पकड़ा और विक्टोरिया अस्पताल में उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया। इसके बाद, एजेंसी ने तीनों संदिग्धों को अदालत में पेश किया। सुरक्षा कारणों से पूछताछ के दौरान आरोपियों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी गई है।
ये भी पढ़ें-
त्विषा शर्मा मौत मामला: CBI ने जांच के लिए मांगे 60 दिन, कोर्ट ने 90 दिन की जांच का ब्योरा मांगा
फर्जी दस्तावेज और ठिकानों की पड़ताल
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तीनों संदिग्ध शहर की तंग बस्तियों में अलग-अलग नामों से छिपकर रह रहे थे। आरोप है कि दस्तावेज में हेरफेर कर उन्होंने भारत में प्रवेश किया और अपनी असली पहचान छिपाकर निवास कर रहे थे। जांच एजेंसी अब उनके भारत आने के मार्गों, ठहरने के ठिकानों और स्थानीय स्तर पर सहायता करने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई एजेंसी की पहले से चल रही विस्तृत जांच का ही एक भाग है।
गिरोह के नेटवर्क और दूतावास से संपर्क
इससे पूर्व भी एटीएस फर्जी दस्तावेज के आधार पर देश में रहने वाले तीन अफगानी संदिग्धों को हिरासत में ले चुकी है। अब तीन अन्य संदिग्धों के पकड़े जाने के बाद जांच टीम इस पूरे जाल की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है। सुरक्षा एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी पासपोर्ट तथा वीजा तैयार करने के खेल में कौन-कौन शामिल हैं तथा भारत में उनकी मदद किसने की थी। इसके साथ ही एटीएस ने संबंधित दूतावास से संपर्क साधा है, ताकि हिरासत में लिए गए व्यक्तियों की वास्तविक पहचान, नागरिकता और पृष्ठभूमि का सही सत्यापन कराया जा सके। मामले में आगे की कानूनी जांच निरंतर जारी है।