मध्यप्रदेश में चुनावी गहमागहमी के दौर में राम मंदिर का मुद्दा भी गरम है। इसे लेकर नेताओं के बयान इन दिनों खूब सुनाई पड़ रहे हैं। अब लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने भी इसे लेकर अपनी राय रखी है और इसे भारतीयों के दिलों में रहने वाला मुद्दा बताया है।
सुमित्रा महाजन ने कहा कि मुद्दा चल रहा है या नहीं ये तो रहेगा। चुनाव के समय कोई भी कुछ बोले मगर भारतीयों के दिलों में ये मुद्दा है। जब तक मंदिर नहीं बनेगा ये मुद्दा समाप्त नहीं होगा। मंदिर बनने के बाद भी राम दिलों में बने रहेंगे।
बता दें कि चुनाव प्रचार के दौरान राम मंदिर का मुददा भी उठा है। भाजपा की कई रैलियों में इसका जिक्र हुआ है। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ सहित कई नेता राम मंदिर पर बयान दे चुके हैं। राजस्थान में हुई एक रैली में पीएम मोदी ने अयोध्या मुद्दा उठाते हुए कहा था कि कांग्रेस के नेता इसपर जल्द सुनवाई टालना चाहते हैं।
राम मंदिर को लेकर इन दिनों सियासत भी खूब हुई है। इसे लेकर संतों की धर्मसंसद तो चली ही, उद्धव ठाकरे की अगुवाई में शिवसेना के हजारों कार्यकर्ता भी अयोध्या पहुंचे थे। ठाकरे ने सरयू तट पर पूजा अर्चना भी की थी। उनके साथ उनके बेटे आदित्य ठाकरे भी पहुंचे थे।