मध्य प्रदेश में पांच साल की मासूम के साथ दरिंदगी के बाद हत्या का दिल दहला देने वाला एक और मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार यह जघन्य वारदात भोपाल से सटे रायसेन जिले की है। गौहरगंज तहसील के नयापुरा गांव की पांच वर्षीय बच्ची 13 अगस्त को अचानक लापता हो गई थी।
पिता ने थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई तो पुलिस को जांच पड़ताल में पता लगा कि कुछ लोगों ने 25 साल के जितेंद्र उइके नामक युवक के साथ बच्ची को देखा था। जितेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
औबेदुल्लागंज थाने के प्रभारी कुंअर सिंह मुकाती के अनुसार जितेंद्र ने बताया कि 13 अगस्त की शाम उसने बच्ची को चॉकलेट और बिस्कुट दिलाए और अपने साथ ले गया। शराब के नशे में उसने बच्ची साथ दरिंदगी की और फिर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को जंगल में फेंक दिया।