छिंदवाड़ा जिले में जुन्नारदेव ब्लॉक के दमुआ में लंपी वायरस का कहर देखा जा रहा है। यहां एक किसान के घर में बंधी गाय में लंपी वायरस के लक्षण देखने को मिले, जिसके बाद तत्काल स्थानीय पशु चिकित्सक ने उसे क्वॉरेंटाइन कर दिया। वहीं उसके संपर्क में आए अन्य पशुओं की भी जांच की तथा उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद दवाई दे दी।
गौरतलब है कि जुन्नारदेव ब्लॉक के झरना में रहने वाले किसान करण भन्नारे के घर में बंधी गाय के शरीर में लंपी वायरस के कुछ लक्षण दिखाई देने लगे, जिसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पशु चिकित्सा विभाग को दी। सूचना मिलते ही डॉक्टर दीपक बरडे मौके पर पहुंचे और उन्होंने तत्काल गाय को प्राथमिक उपचार देकर क्वॉरेंटाइन करवाया।
दूसरे पशुओं की स्थिति सामान्य
बताया जा रहा है कि संक्रमित गाय के संपर्क में आए बाकी सभी पशुओं की स्थिति फिलहाल सामान्य है। वहीं एहतियातन गाय पर नजर रखी जा रही है, उसका प्राथमिक उपचार हो चुका है। ऐसे में अब लगातार पूरे क्षेत्र के किसानों में अपने पशुओं की सुरक्षा को लेकर हड़कंप देखा जा रहा है।
गर्म कर पी सकते हैं दूध
लंपी वायरस से संक्रमित पशुओं के दूध को लेकर लोगों में तरह-तरह की भ्रांतियां हैं, जिसको लेकर पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी डॉक्टर पक्षवार का कहना है कि यदि लंपी वायरस से संक्रमित हुई गाय दुधारू है तो उसके दूध को उबालकर पिया जा सकता है। फिर भी उन्होंने एहतियात बरतने की बात कही है।