मध्य प्रदेश के इंदौर में एक टायर कंपनी ने की पार्टी, चला शराब का दौर और फिर टूट गईं अश्लीलता की सभी सीमाएं। इस मामले में एक वकील ने पुलिस के आईजी को चिट्ठी लिखा कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अंग्रेजी अखबार TOI के मुताबिक हाइकोर्ट बार एसोसिएशन के सदस्य विशाल सनोठिया ने बुधवार को ये पत्र लिखा है और इस 'अश्लील पार्टी' की शिकायत की है।
उन्होंने इस चिट्ठी की कॉपी सीएम शिवराज सिंह समेत कई अन्य मंत्रियों और अधिकारियों को भी भेजी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
बजरंगियों ने की तोड़फोड़
स्थानीय समाचारपत्रों में छपी खबर के मुताबिक गुरूवार शाम बजरंग दल के कार्यकर्ता संबंधित टायर कंपनी के शोरूम पर पहुंचे और तोड़फोड़ की। ये लोग 'अश्लील पार्टी' का विरोध कर रहे थे।
आरोप है कि जिन लड़कों ने तोड़फोड़ की उन्होंने बजरंग दल के दुपट्टे अपने गले में डाले हुए थे। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और मौजूद लोगों से पूछताछ की।
कितनी अश्लील थी पार्टी
वकील ने अपनी शिकायत में कहा है कि पार्टी नियमों के खिलाफ थी और भारतीय मूल्यों व संस्कृति के भी खिलाफ थी। उन्होंने कहा कि,"मैंने इस इवेंट के आयोजक (ऑर्गेनाइज़र), होटल मालिक और मौजूद लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि इस पार्टी का वीडियो भी वायरल हो रहा है, उसे जांच का आधार बनाया जा सकता है।
खबर के मुताबिक पिछले शुक्रवार की रात ये आयोजन किया गया था। स्थानीय अखबारों में छपी खबरों के मुताबिक कार्यक्रम में विदेशी लड़कियां भी आई थीं।